पीएम मोदी 25 सितम्बर को आएंगे बांसवाड़ा
Share
45 हजार करोड़ की परमाणु ऊर्जा परियोजना का करेंगे शिलान्यास, जनसभा भी होगी
उदयपुर, 17 सितम्बर
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 25 सितम्बर को राजस्थान दौरे पर बांसवाड़ा आएंगे। इस दौरान वे माही डैम के पास राजस्थान-मध्यप्रदेश बॉर्डर पर बनने वाली लगभग 45 हजार करोड़ रुपए की परमाणु ऊर्जा परियोजना का शिलान्यास करेंगे। यह परियोजना परमाणु ऊर्जा मिशन के तहत स्थापित की जा रही है और इसे देश का बड़ा आणविक शक्ति केंद्र बताया जा रहा है।
त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन की संभावना
पीएम मोदी दौरे के दौरान शक्तिपीठ त्रिपुरा सुंदरी मंदिर में दर्शन भी कर सकते हैं। साथ ही वे बांसवाड़ा में एक विशाल जनसभा को संबोधित करेंगे। कार्यक्रम की तैयारियां प्रशासन और भाजपा संगठन स्तर पर तेज कर दी गई हैं।
सीएम और केंद्रीय नेतृत्व रहेंगे मौजूद
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ ने बताया कि इस ऐतिहासिक शिलान्यास कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव अपनी कैबिनेट के मंत्रियों के साथ मौजूद रहेंगे। संभावना है कि प्रधानमंत्री राजस्थान और मध्यप्रदेश से जुड़ी कई अन्य परियोजनाओं का भी लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी शेष है। गौरतलब है कि प्रधानमंत्री मोदी इससे पहले 22 मई को पाकिस्तान सीमा के नजदीक देशनोक से देश के 103 रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन कर चुके हैं और पलाना गांव में जनसभा को संबोधित किया था।
