जमीन और निवेश के नाम पर ठगी: सरपंच से 36 लाख हड़पे
Share
दंपती के खिलाफ साइबर थाने में मामला दर्ज, करोड़ों की ठगी का आरोप
उदयपुर, 17 सितम्बर
जिले में निवेश और जमीन दिलाने के बहाने ठगी का बड़ा मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत सागवाड़िया के सरपंच करण डामोर ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराते हुए आरोप लगाया है कि नारायणलाल मईड़ा और उसकी पत्नी भूरी निवासी बारी दानपुर हाल निवासी वाड़िया कॉलोनी बांसवाड़ा ने उससे करीब 36 लाख रुपए हड़प लिए।
शिकायत के अनुसार नारायण और उसकी पत्नी भूरी खुद को सरपंच का कॉलेज सहपाठी बताकर उसके संपर्क में आए। उन्होंने बांसवाड़ा में जमीन खरीदने का दबाव बनाया और “मेटाफोर्स” नामक कंपनी से जुड़ने का झांसा दिया। 3 जून 2022 को आरोपी ने 4.5 लाख रुपए लिए और सरपंच के मोबाइल में फर्जी आईडी बनाकर निवेश दिखाया। इसके बाद महंगे होटलों में बैठकों के दौरान बड़े-बड़े सपने दिखाते हुए 21 फरवरी 2023 को नौ लाख और 7 मार्च को पुनः नौ लाख रुपए ले लिए।
आरोपी ने अमेरिकी डॉलर में निवेश कराने के नाम पर भी 5 लाख रुपए लिए। मोटा मुनाफा देने का झांसा देकर कभी-कभी खाते में थोड़ी राशि ट्रांसफर भी की, जिससे भरोसा बना रहा। 3 मई को फिर 2 लाख रुपए लिए और फरवरी 2025 में 7 लाख रुपए और हड़प लिए। इसके बावजूद न जमीन दिलाई और न ही रुपए लौटाए।
करोड़ों की ठगी की आशंका
करण डामोर का आरोप है कि दंपती राजस्थान, मध्यप्रदेश और गुजरात में करीब 10 करोड़ रुपए की ठगी कर चुके हैं। नारायण भारतीय मुद्रा नकद में लेकर सूरत में हवाला करता था और 10 प्रतिशत मासिक रिटर्न का झांसा देकर निवेश करवाता था। शुरुआती महीनों में रिटर्न देकर विश्वास भी जमाया। सरपंच ने पुलिस अधीक्षक से राशि वापस दिलाने और आरोपियों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है। साइबर थाना पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
