परमाणु बिजलीघर से खुलेंगे विकास के नए आयाम
Share
भाजपा प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ का बांसवाड़ा दौरा
उदयपुर, 18 सितम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी 25 सितम्बर को बांसवाड़ा में लगभग 45 से 50 हजार करोड़ की लागत से बनने वाले माही परमाणु बिजलीघर का शिलान्यास करेंगे। इसको लेकर भाजपा में हलचल तेज हो गई है। गुरुवार को प्रदेशाध्यक्ष मदन राठौड़ और वरिष्ठ नेता राजेंद्रसिंह राठौड़ ने बांसवाड़ा पहुंचकर कार्यकर्ताओं की बैठक ली और परियोजना को वागड़ क्षेत्र के लिए बड़ी सौगात बताया।
मीडिया से बातचीत में मदन राठौड़ ने कहा कि आत्मनिर्भर भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में यह बिजलीघर महत्वपूर्ण कदम होगा। बिजली, पानी, चिकित्सा और आधारभूत संरचना की जरूरतें पूरी होने पर सर्वांगीण विकास होगा। उन्होंने कहा कि समाज को तोड़ने वाली विघटनकारी शक्तियों को हतोत्साहित करना चाहिए।
सांसद रोत समाज का कर रहे भ्रमित: राठौड़
वरिष्ठ नेता राजेंद्रसिंह राठौड़ ने भारत आदिवासी पार्टी के सांसद राजकुमार रोत पर निशाना साधते हुए कहा कि वे समाज को भ्रमित करने वाले नेता हैं और उन्हें जनसमर्थन नहीं मिलना चाहिए। इस अवसर पर जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी, पूर्व मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, भवानी जोशी और अन्य नेता मौजूद रहे। पार्टी कार्यालय पहुंचने पर जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने दोनों नेताओं का स्वागत किया। इससे पहले उन्होंने गोविंद गुरू कॉलेज परिसर में गोविंद गुरू की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया और बाद में नापला में कार्यक्रम स्थल का जायजा भी लिया।
पीएम की यात्रा को लेकर व्यवस्थाओं का लिया जायजा
इधर, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पीएम की यात्रा की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आला अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग की। बैठक में डीजी इंटेलिजेंस संजय अग्रवाल, डीजी सुरक्षा अजयसिंह राठौड़, उदयपुर आईजी गौरव श्रीवास्तव, कलेक्टर डॉ. इंद्रजीत यादव, एसपी सुधीर जोशी और एनपीसीआईएल अधिकारी शामिल रहे। सीएम स्वयं भी जल्द बांसवाड़ा पहुंचकर व्यवस्थाओं का जायजा लेंगे।
