पहले शराब पिलाई, कार नदी में डाली, हाथापाई के बाद व्यापारी साथी को दे दिया नदी में धक्का
Share
मोटागांव व्यापारी हत्याकांड का खुलासा
सुरेश का साथी हर्षित गिरफ्तार, हत्या कर भाग निकला था
उदयपुर, 18 सितम्बर: बांसवाड़ा जिले के मोटागांव से 8 सितम्बर को लापता हुए दो व्यापारियों के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। मृतक व्यापारी सुरेश सोनी का साथी हर्षित शर्मा ही उसकी हत्या का जिम्मेदार निकला। पुलिस ने उसे रतलाम से दबोच कर गिरफ्तार कर लिया है।
एसपी सुधीर जोशी ने बताया कि दोनों व्यापारी 8 सितम्बर को लापता हुए थे। चार दिन बाद सुरेश का शव डूंगरपुर जिले के भीलूड़ा कस्बे के पास माही नदी में मिला, जबकि अगले दिन लसाड़ा पुल से कार बरामद हुई। शुरुआत में आशंका थी कि हादसे में हर्षित भी डूब गया, लेकिन पुलिस की खोज जारी रही। जांच में सामने आया कि हर्षित मुंबई में अपनी बुआ के बेटे नितेश के पास छिपा हुआ है। परिजनों पर दबाव डालने के बाद नितेश उसे लेकर रतलाम आया, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया।
पूछताछ में हर्षित ने कबूल किया कि उसने सुरेश को कर्ज से छुटकारा पाने के लिए मार डाला। पहले उसे शराब पिलाई और कार को माही नदी में डाल दिया। इसके बाद दोनों में हाथापाई हुई तो उसने सुरेश को लसाड़ा पुल से नदी में धक्का दे दिया और भाग निकला।
एएसपी डॉ. राजेश भारद्वाज और घाटोल डिप्टी महेंद्र कुमार के निर्देशन में गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर यह खुलासा किया। गुरुवार को मोटागांव थाना पुलिस ने हर्षित पुत्र पूर्णाशंकर शर्मा को हत्या के आरोप में गिरफ्तार कर प्रकरण दर्ज कर लिया है।
