खेत में कीटनाशक छिड़कते समय किसान की मौत
Share
इलाज के दौरान जिला अस्पताल में तोड़ा दम, परिवार में पसरा मातम
उदयपुर, 18 सितम्बर: प्रतापगढ़ जिले के बनेडिया खुर्द गांव में बुधवार को खेत में कीटनाशक दवा का छिड़काव करते समय एक किसान की हालत बिगड़ गई। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
थाना जांच अधिकारी राजेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पहचान मोहन मीणा (28) पुत्र रामचंद्र मीणा के रूप में हुई है। वह अपने खेत में सोयाबीन की फसल पर कीटनाशक छिड़क रहा था। इसी दौरान जहरीली दवा के असर से उसे चक्कर आने लगे और उल्टियां शुरू हो गईं। परिजन तुरंत उसे प्रतापगढ़ जिला अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।
सूचना पर थाना पुलिस अस्पताल पहुंची और शव को मॉर्च्युरी में रखवाया। मृतक के छोटे भाई मदन मीणा ने रिपोर्ट दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। मोहन मीणा का परिवार खेती और मजदूरी पर निर्भर है। पीछे पत्नी, दो छोटे बेटे, माता-पिता और एक छोटा भाई रह गए हैं। अचानक हुई इस घटना से पूरे परिवार में मातम छा गया है।
