सोम नदी में नहाने गए 2 सगे भाइयों की डूबने से मौत
Share
छोटे को बचाने में बड़ा भी बह गया, अग्निवीर में चयनित था प्रकाश
उदयपुर, 18 सितम्बर: जिले के सेमारी थाना क्षेत्र में बुधवार शाम दर्दनाक हादसा हो गया। देवसोमनाथ के पास सोम नदी में नहाने गए 2 सगे भाइयों की डूबने से मौत हो गई। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।
रागली सवगढ़ निवासी जिगर (17) पुत्र प्रभु कनिपा और बड़ा भाई प्रकाश (19) पुत्र प्रभु कनिपा नहाने के लिए सोम नदी पहुंचे थे। इस दौरान जिगर नदी की गहराई में चला गया और डूबने लगा। उसे बचाने के लिए प्रकाश भी पानी में कूद गया, लेकिन दोनों तेज बहाव और गहराई में फंसकर बाहर नहीं निकल पाए।
घटना देखते ही बड़ी संख्या में लोग इकट्ठे हो गए। सूचना पर सेमारी थाना पुलिस और सिविल डिफेंस की टीम मौके पर पहुंची और तलाश शुरू की। देर शाम दोनों के शव बाहर निकाले गए और सेमारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाए गए। परिवार के इकलौते दो बेटों की मौत से घर में कोहराम मच गया।
अग्निवीर में चयनित था बड़ा भाई
मृतक प्रकाश हाल ही में अग्निवीर भर्ती में चयनित हुआ था और इंदौर में आर्मी व प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। दो दिन पहले ही वह घर आया था। प्रकाश और जिगर दोनों अच्छे तैराक थे, लेकिन नदी की गहराई और तेज बहाव ने उनकी जान ले ली।
