IIM उदयपुर ने डेटा और AI को मजबूत करने के लिए राष्ट्रीय संस्थानों से हाथ मिलाया
Share
उदयपुर, 19 सितम्बर: इंडियन इंस्टीट्यूट ऑफ मैनेजमेंट उदयपुर (IIMU) ने भारत के डेटा, नीति और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) सिस्टम को बेहतर बनाने के लिए बड़े राष्ट्रीय संस्थानों के साथ साझेदारी की है। इनमें सांख्यिकी और कार्यक्रम कार्यान्वयन मंत्रालय (MoSPI), नीति आयोग और भाषिणी शामिल हैं।
IIMU ने MoSPI के डेटा इनफॉरमैटिक्स एंड इनोवेशन डिवीजन के साथ करार किया है। इसके तहत छात्रों और शोधकर्ताओं को वास्तविक सांख्यिकीय समस्याओं पर काम करने का मौका मिलेगा। साथ ही हैकथॉन, कार्यशालाएं और शोध परियोजनाएं भी आयोजित की जाएंगी।
IIMU के सेंटर फॉर डेवलपमेंट पॉलिसी एंड मैनेजमेंट (CDPM) ने नीति आयोग के DMEO के साथ साझेदारी की है। इसका मकसद देश में मॉनिटरिंग और मूल्यांकन प्रणाली को बेहतर बनाना है। CDPM मंत्रालयों और राज्यों को डेटा संग्रह और निगरानी प्रणालियों में तकनीकी मदद भी देगा।
IIMU ने राष्ट्रीय भाषा अनुवाद मिशन “भाषिणी” से भी हाथ मिलाया है। इस सहयोग से भारतीय भाषाओं के लिए AI और मशीन लर्निंग को बढ़ावा मिलेगा और छात्रों को भाषा व स्पीच तकनीक में प्रशिक्षण मिलेगा।
गौरतलब है कि IIMU लगातार फाइनेंशियल टाइम्स ग्लोबल MIM रैंकिंग और QS ग्लोबल MIM रैंकिंग में जगह बनाए हुए है। यह सबसे युवा IIM है जिसे सिर्फ आठ साल में AACSB की अंतरराष्ट्रीय मान्यता मिली। साथ ही, प्रबंधन शोध में यह भारत में चौथे स्थान पर है।
