LOADING

Type to search

सरकार ने बनाया कानून, अब जबरन धर्मांतरण पर होगी जेल : सीएम भजनलाल

Local

सरकार ने बनाया कानून, अब जबरन धर्मांतरण पर होगी जेल : सीएम भजनलाल

Share

उदयपुर, 20 सितम्बर: मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा कि राजस्थान की भाजपा सरकार ‘राजस्थान धर्मांतरण विरोधी विधेयक’लाई है। इस कानून से बहला फुसलाकर तथा जबरन धर्मांतरण जैसे मामलों पर अंकुश लगेगा। इसमें लिप्त लोगों को अब जेल जाना होगा। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार वागड़ के विकास के लिए लगातार काम कर रही है। उन्होंने आगामी 25 सितम्बर को प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में आने के लिए भी आमजन को न्योता दिया।
मुख्यमंत्री शर्मा शनिवार दोपहर कॉलेज मैदान हेलीपेड पहुंचे। इसके बाद वे कुशलबाग मैदान में आयोजित शहरी सेवा शिविर में पहुंचे। यहां उन्होंने सभा को संबोधित करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस पर 17 सितंबर से हमारी सरकार प्रदेश में शहरी सेवा शिविर और ग्रामीण सेवा शिविर आयोजित कर रही है। इन शिविरों में पंडित दीनदयाल उपाध्याय के अंत्योदय का संकल्प साकार हो रहा है।
पीएम की सभा का न्यौता
मुख्यमंत्री ने 25 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के कार्यक्रम में आने का न्योता देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री राजस्थान को विकास की महत्वपूर्ण सौगातें दी हैं। बांसवाड़ा-डूंगरपुर सहित सम्पूर्ण आदिवासी क्षेत्र में जीवन स्तर भी बेहतर बन रहा है। उन्होंने कहा कि वागड़ के बुनियादी विकास के लिए डबल इंजन की सरकार कृत संकल्पित है। उन्होंने शिविरों में हो रहे कार्यों का उल्लेख कर कहा कि सेवा शिविरों में जनोपयोगी कार्य पूरे हो रहे हैं। उन्होंने ‘टीबी मुक्त भारत’अभियान राष्ट्रीय संकल्प, स्वस्थ नारी सशक्त परिवार अभियान, किसान गिरदावरी एप द्वारा गिरदावरी करवाने जैसे कार्यों सहित विभिन्न योजनाओं में जनता को मिल रहे लाभ का भी उल्लेख किया। इससे पहले मुख्यमंत्री ने शहरी सेवा शिविर के लाभार्थियों से संवाद कर विभिन्न विभागों की स्टॉल्स पर योजनाओं की जानकारी ली। कार्यक्रम में जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, विधायक कैलाश मीना, शंकरलाल डेचा, मुख्य सचिव सुधांश पंत, भाजपा जिलाध्यक्ष पूंजीलाल गायरी, पूर्व मंत्री महेंद्रजीतसिंह मालवीया, धनसिंह रावत सहित स्थानीय भाजपा पदाधिकारी आमजन उपस्थित रहे।
नापला में किया अवलोकन
सभा के बाद मुख्यमंत्री भाजपा कार्यालय पहुंचे। उन्होंने पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से प्रधानमंत्री के कार्यक्रम को लेकर पूरे समर्पण भाव से सहभागिता का आह्वान किया। इसके बाद वे नापला पहुंचे। नापला में उन्होंने शिलान्यास स्थल, सभास्थल आदि का अवलोकन किया। उन्होंने सुरक्षा, यातायात, मंच, बैठक व्यवस्था आदि को लेकर राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ ही एनपीसीआईएल के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *