सुखाड़िया यूनिवर्सिटी कुलपति का अनूठा विरोध
Share
एबीवीपी ने रखा सांकेतिक श्राद्ध, प्रो. सुनीता मिश्रा की तस्वीर पर माला पहनाकर लगाया खीर-पूड़ी का भोग
उदयपुर, 21 सितम्बर: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में छात्रों ने कुलपति प्रो. सुनीता मिश्रा के खिलाफ रविवार को अनूठे तरीके से विरोध जताया। एबीवीपी ने प्रशासनिक भवन के बाहर उनकी तस्वीर लगाकर सांकेतिक श्राद्ध का आयोजन किया। तस्वीर को माला पहनाई गई, दीपक जलाए गए और खीर-पुड़ी, सब्जी का भोग अर्पित किया। छात्रों ने इसके बाद प्रसाद के रूप में भोजन किया।
राठौड़ बोले- पद से हटने तक विरोध जारी
एबीवीपी महानगर मंत्री पुष्पेन्द्र सिंह राठौड़ ने कहा कि यह आंदोलन केवल कुलपति की कार्यशैली के विरोध में नहीं है, बल्कि उस विचारधारा के खिलाफ है जो मेवाड़ की गौरवशाली धरोहर और इतिहास की उपेक्षा करती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कुलपति को पद से हटाए जाने तक विरोध जारी रहेगा।
कार्रवाई नहीं हुई तो उग्र आंदोलन की चेतावनी
इकाई अध्यक्ष प्रवीण टांक ने कहा कि कुलपति यूनिवर्सिटी के शैक्षणिक और सांस्कृतिक माहौल में मेवाड़ की परंपरा और वीरता के इतिहास को दरकिनार कर रही हैं। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन और उग्र रूप ले सकता है। प्रदर्शन में कुलदीप सिंह, त्रिभुवन सिंह, पार्थ दीक्षित, चिराग दायमा, अंशुमान सिंह, चिराग तिवारी, खुशी, चंद्रकिरण और करिश्मा सहित कई छात्र मौजूद थे। छात्रों का कहना था कि उनका यह आंदोलन यूनिवर्सिटी की परंपरा और इतिहास की सुरक्षा के लिए किया जा रहा है।
