LOADING

Type to search

छात्रों का ऐलान– कुलगुरु हटे बिना नहीं खुलेगा कैंपस

Local

छात्रों का ऐलान– कुलगुरु हटे बिना नहीं खुलेगा कैंपस

Share

एबीवीपी और एनएसयूआई की संयुक्त मुहिम

उदयपुर, 23 सितम्बर: मोहनलाल सुखाड़िया यूनिवर्सिटी में कुलगुरु प्रो. सुनीता मिश्रा के खिलाफ चल रहा विवाद मंगलवार को नौवें दिन और गहराता दिखाई दिया। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) और एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं ने मिलकर यूनिवर्सिटी परिसर के साथ-साथ आर्ट्स, साइंस, लॉ और कॉमर्स सभी संघटक कॉलेजों को भी बंद करा दिया।
सुबह से ही छात्र समूहों में कैंपस और कॉलेजों में पहुंचे। उन्होंने माइक से घोषणा करते हुए विद्यार्थियों से क्लास में शामिल न होने की अपील की। वहीं, प्रशासनिक कर्मचारियों से भी कामकाज ठप करने का आग्रह किया गया। परिणामस्वरूप पूरे दिन शिक्षण और प्रशासनिक गतिविधियाँ पूरी तरह बाधित रहीं।
प्रदर्शनकारियों ने प्रशासनिक भवन के बाहर एकत्र होकर “कुलपति हटाओ” और “कुलपति मुर्दाबाद” जैसे नारे लगाए। छात्र संगठनों का कहना है कि जब तक कुलपति को हटाया नहीं जाता, यूनिवर्सिटी का ताला नहीं खुलेगा।
एबीवीपी के महानगर मंत्री पुष्पेंद्र सिंह राठौड़ ने कहा कि कुलपति की कार्यप्रणाली छात्रों और शिक्षकों दोनों के हितों के खिलाफ है, इसलिए आंदोलन तब तक जारी रहेगा जब तक सरकार नया कुलपति नियुक्त नहीं करती। वहीं, एनएसयूआई के कार्यकर्ता सूर्यपाल सिंह देवड़ा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने तुरंत कार्रवाई नहीं की तो आने वाले दिनों में आंदोलन और उग्र किया जाएगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *