कोलकाता में भारी बारिश से बाढ़, 7 की मौत
Share
कोलकाता/नई दिल्ली, 23 सितंबर: पश्चिम बंगाल के कोलकाता और आसपास के इलाकों में सोमवार देर रात से मंगलवार सुबह तक मूसलाधार बारिश ने तबाही मचा दी। लगभग 247.5 मिमी बारिश से शहर की कई सड़कों पर 3 फीट तक पानी भर गया, जिससे यातायात और जीवन चर्या ठप हो गई। पानी में बिजली का करंट फैलने से अब तक सात लोगों की मौत हो चुकी है।
मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि उन्होंने जीवन में इतनी भारी बारिश कभी नहीं देखी। उन्होंने प्रभावित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि कई पूजा पंडाल भी पानी में डूब गए हैं।
कोलकाता एयरपोर्ट पर खराब मौसम और पानी भरने के कारण 30 फ्लाइट्स रद्द और 42 फ्लाइट्स लेट हुईं। शहीद खुदीराम और मैदान मेट्रो स्टेशन के बीच मेट्रो सेवा रोक दी गई। हावड़ा और सियालदह डिवीजनों के रेलवे ट्रैक पर भी पानी भर गया, जिससे कई ट्रेनों को रद्द करना पड़ा। चितपुर यार्ड में पानी भरने से सर्कुलर रेलवे लाइन पर ट्रेनों की आवाजाही बंद है।
बारिश के कारण दुर्गा पूजा पंडाल डूब गए या क्षतिग्रस्त हुए। बंगाल सरकार ने राज्यभर के सभी स्कूल और कॉलेजों में तय समय से दो दिन पहले ही छुट्टियां घोषित कर दी हैं। प्रशासन प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों और जल निकासी पर जोर दे रहा है।
