प्रधानमंत्री आज रखेंगे बांसवाड़ा में परमाणु बिजलीघर की आधारशिला
Share
सीएम ने लिया जायजा, संभागभर से पहुंचेंगे भाजपा कार्यकर्ता
उदयपुर, 24 सितम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी गुरुवार को बांसवाड़ा जिले के नापला में 45 हजार करोड़ रुपए की लागत से बनने वाले परमाणु बिजलीघर की आधारशिला रखेंगे। इसके बाद वे जनसभा को संबोधित करेंगे। समारोह में राजस्थान और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री सहित केंद्रीय मंत्री और राजस्थान सरकार के कई मंत्री भी सम्मिलित होंगे।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने बांसवाड़ा पहुंचकर प्रधानमंत्री के कार्यक्रम स्थल का जायजा लेते हुए सुरक्षा प्रबंध देखें। मोदी की यात्रा को लेकर बांसवाड़ा सहित डूंगरपुर, प्रतापगढ़, उदयपुर, राजसमंद आदि जिलों से आने वाले लोगों के लिए रूट चार्ट भी तय कर दिया है।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा बुधवार दोपहर बांसवाड़ा के तलवाड़ा पहुंचे। सीएम ने नापला में हेलिपैड, सभा स्थल सहित अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर अधिकारियों को व्यवस्थाओं की जानकारी ली। पीएम कुसुम योजना के लाभार्थियों से संवाद को लेकर की गई तैयारियों को भी देखा। मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम स्थल पर ही अधिकारियों की बैठक लेते हुए तैयारियों को अंतिम रूप देने के संबंध में निर्देश दिए। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़, पूर्व नेता प्रतिपक्ष राजेंद्र राठौड़, उदयपुर आईजी राजीव कुमार शर्मा, अतिरिक्त मुख्य सचिव सार्वजनिक निर्माण प्रवीण गुप्ता सहित संभागीय व जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
इससे पहले भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राठौड़ ने जनजाति विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी, पूर्व मंत्री राजेंद्रसिंह राठौड़, मुकेश दाधीच, मिथलेश गौतम आदि के साथ कार्यक्रम स्थल का जायजा लिया। इस दौरान पूर्व मंत्री महेंद्रजीत सिंह मालवीया, धनसिंह रावत, विधायक कैलाश मीणा, मुकेश रावत, हकरू मईड़ा, राजेश कटारा आदि मौजूद रहे।
कड़े रहेंगे सुरक्षा बंदोबस्त
प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में कड़े सुरक्षा बंदोबस्त रहेंगे। इसके लिए 20 से ज्यादा आईपीएस और सौ से अधिक आरपीएस अधिकारियों के साथ करीब साढ़े 3 हजार जवानों का जाब्ता लगेगा। पुलिस अधीक्षक सुधीर जोशी ने बताया कि सुरक्षा व्यवस्था त्रिस्तरीय रहेगी, जिसमें मंच और डी के आसपास स्पेशल प्रोटेक्शन ग्रुप (एसपीजी), फिर सादा वस्त्रधारी अधिकारी एवं जवान रहेंगे, वहीं तीसरे स्तर पर बाहर की तरफ वर्दीधारी अधिकारी-जवान तैनात रहेंंगे। प्लांट से करीब तीन किलोमीटर परिधि में मुस्तैदी ज्यादा रहेगी।
इन विकास कार्यों का करेंगे लोकार्पण
10,710 करोड़ रुपए की लागत से 1400 मेगावाट सौर उर्जा परियोजना और 925 मेगावाट का नोखा सोलर पार्क
3,132 करोड़ रुपए की लागत से पीएम कुसुम सी के तहत 895 मेगावाट के विकेन्द्रीकरण सौर उर्जा संयंत्र
2,365 करोड़ रुपए की लागत से ईसरदा बांध, धौलपुर लिफ्ट, बत्तीसानाला और अन्य सिंचाई परियोजनाओं के कार्य
1,758 करोड़ रुपए की लागत से बाड़मेर, अजमेर, ब्यावर, डूंगरपुर, राजसमंद एवं उदयपुर जिलों में सात सड़कों के कार्य
142 करोड़ की लागत से बाड़मेर जिले में 220 केवी जीएसएस और लाइन निर्माण
226 करोड़ की लागत से आईटी डवलपमेंट एण्ड ई—गवर्नेस सेंटर
128 करोड़ की लागत से भरतपुर में आरबीएम हॉस्पिटल में 250 बैड की सुविधा
इन विकास कार्यों का करेंगे शिलान्यास
42 हजार करोड़ रुपए लागत से 2800 मेगावाट की माही बांसवाड़ा परमाणु बिजली परियोजना
8,500 करोड़ रुपए की लागत से बीकानेर जिले में 590 मेगावाट की अक्षय उर्जा परियोजना
13,183 करोड़ रुपए की लागत से जैसलमेर, बाड़मेर, सिरोही, नागौर और बीकानेर में 15.5 गीगावाट क्षमता की बिजली प्रसारण लाइनें
5,884 करोड़ रुपए की लागत से बांसवाड़ा, उदयपुर, डूंगरपुर, धौलपुर, सवाई माधोपुर, बाड़मेर, दौसा, चूरू, अजमेर, भीलवाड़ा और सीकर में 15 पेयजल परियोजनाएं
878 करोड़ रुपए की लागत से भरतपुर में 2 फ्लाइओवर, बनास न दी पर पुल निर्माण और 119 अटल प्रगति पथों का निर्माण
348 करोड़ रुपए की लागत से बीकानेर और जैसलमेर जिलों में 220 केवी के 3 जीएसएस और संबंधित लाइनों के कार्य
