अधिवक्ताओं का ऐलान : हाईकोर्ट बेंच की मांग को लेकर करेंगे बांसवाड़ा कूच
Share
प्रधानमंत्री से मुलाकात नहीं हुई तो सभा का करेंगे विरोध
उदयपुर, 24 सितम्बर: मेवाड़-वागड़ हाईकोर्ट बेंच की स्थापना की मांग को लेकर अधिवक्ताओं का संघर्ष और तेज हो गया है। इसी सिलसिले में बुधवार को बार एसोसिएशन भवन में हुई बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय किया गया कि गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की बांसवाड़ा सभा में अधिवक्ता पहुंचेंगे और अपनी मांग सीधे उनके सामने रखेंगे। यदि मुलाकात का अवसर नहीं मिला तो अधिवक्ता सभा स्थल पर विरोध दर्ज कराएंगे।
बार एसोसिएशन उदयपुर के अध्यक्ष चंद्रभान सिंह शक्तावत ने बताया कि अधिवक्ता गुरुवार सुबह 9:30 बजे न्यायालय के मुख्य द्वार पर अपने चारपहिया वाहनों के साथ एकत्रित होंगे। इसके बाद सभी वाहन रैली के रूप में सीधे बांसवाड़ा कूच करेंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि हाईकोर्ट बेंच की मांग लंबे समय से लंबित है और अब अधिवक्ताओं ने तय कर लिया है कि उनकी आवाज प्रधानमंत्री तक पहुंचे।
बैठक में तय हुआ कि अधिवक्ताओं का एक दल डबोक एयरपोर्ट पर भी पहुंचेगा और वहां प्रदर्शन करेगा। वहीं, कुछ अधिवक्ता कोर्ट परिसर से प्रदर्शन करते हुए कलेक्टर कार्यालय पहुंचेंगे और बाहर धरना देंगे। इस दौरान मेवाड़-वागड़ क्षेत्र की जनता से भी अपील की गई कि वे न्यायिक सुविधा के विस्तार के इस आंदोलन में अधिवक्ताओं का साथ दें।
बैठक में उपाध्यक्ष देवीलाल जाट, महासचिव महावीर प्रसाद शर्मा, सचिव अभिषेक कोठारी, हाईकोर्ट बेंच संघर्ष समिति के संयोजक रमेश नंदवाना, महासचिव राम कृपा शर्मा, पूर्व अध्यक्ष शम्भू सिंह राठौड़, महेंद्र नागदा, अरुण व्यास, हेमन्त जोशी और हरीश पालीवाल सहित कई वरिष्ठ अधिवक्ता उपस्थित रहे। अधिवक्ताओं ने दोहराया कि जब तक उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच की स्थापना नहीं होती, उनका संघर्ष जारी रहेगा।
