LOADING

Type to search

माही नदी पर 134 करोड़ में बना हैंगिंग ब्रिज शुरू

Local

माही नदी पर 134 करोड़ में बना हैंगिंग ब्रिज शुरू

Share

डूंगरपुर-बांसवाड़ा के बीच 1.925 किमी लंबा पुल, पीएम मोदी ने किया लोकार्पण
डूंगरपुर, 25 सितम्बर :
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को डूंगरपुर जिले के चिखली और बांसवाड़ा जिले के नापला गांव के बीच माही नदी पर बने संगमेश्वर हैंगिंग ब्रिज का लोकार्पण किया। 134 करोड़ की लागत से तैयार यह पुल प्रदेश का दूसरा सबसे बड़ा हैंगिंग ब्रिज है। इसके शुरू होने से डूंगरपुर और बांसवाड़ा के बीच आवागमन आसान हो गया है और दोनों जिलों की दूरी में बड़ी कमी आई है।
चीखली ग्राम पंचायत के बेडूआ गांव और बांसवाड़ा जिले के आनंदपुरी के बीच माही-अनास-जाखम नदियों के त्रिवेणी संगम पर बना यह ब्रिज 1.925 किलोमीटर लंबा है। पुल का काम पिछले नौ सालों से चल रहा था और इसे वर्ष 2016 में वसुंधरा राजे सरकार के समय स्वीकृति मिली थी। परियोजना को केंद्र सरकार के सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय तथा राजस्थान सरकार के लोक निर्माण विभाग ने मिलकर पूरा किया। इसकी लागत में 99.16 करोड़ रुपए सीआरएफ मद से और 34.85 करोड़ रुपए एसआरएफ से खर्च किए गए।
इस पुल के शुरू होने से चिखली से बेडूआ और बेडूआ से आनंदपुरी की दूरी चार-चार किलोमीटर रह जाएगी। वहीं चिखली से मानगढ़ की दूरी सिर्फ 16 किलोमीटर बचेगी, जबकि वर्तमान में यह 115 किलोमीटर तय करनी पड़ती थी। इससे न केवल लोगों का समय और ईंधन बचेगा बल्कि पर्यटन और रोजगार को भी नया आयाम मिलेगा।
लोकार्पण कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने डूंगरपुर और बांसवाड़ा को कई और सौगातें दीं। इनमें बांसवाड़ा-डूंगरपुर नेशनल हाईवे-927ए के सुदृढ़ीकरण कार्य का लोकार्पण, सोम कमला आंबा-भीखा भाई सागवाड़ा फीडर और डूंगरपुर में नहर परियोजना का शिलान्यास तथा जिले के लिए वृहद पेयजल योजनाओं की घोषणा शामिल है। इस हैंगिंग ब्रिज के शुरू होने से दोनों जिलों के लोगों का वर्षों पुराना इंतजार पूरा हो गया है और यह क्षेत्र के विकास में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *