LOADING

Type to search

सुखाड़िया सर्कल पार्क में श्रमदान से निखरी सुंदरता

Uncategorized

सुखाड़िया सर्कल पार्क में श्रमदान से निखरी सुंदरता

Share

स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत चला अभियान, चूहों के बिल किए बंद, लगे सुरक्षा गार्ड
उदयपुर, 25 सितम्बर :
नगर निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना की नाराजगी और सख्त निर्देशों के बाद गुरुवार को सुखाड़िया सर्कल पार्क में स्वच्छता ही सेवा पखवाड़ा के तहत श्रमदान कार्यक्रम आयोजित हुआ। सुबह 8 से 9 बजे तक निगम कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, स्वयं सहायता समूह की महिलाओं, युवाओं और विभिन्न संस्थाओं के सहयोग से पार्क की सफाई की गई। इस दौरान चूहों के बनाए गए दर्जनों बिल सरियों, फावड़ों और कुदाल की मदद से बंद कर दिए गए और मिट्टी का समतलीकरण कर पार्क को व्यवस्थित रूप दिया गया। कार्यक्रम के अंत में सफाई मित्रों को सम्मानित भी किया गया।
सुरक्षा व्यवस्था कड़ी
पर्यटकों और शहरवासियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने पार्क में सुरक्षा गार्ड तैनात किए हैं। साथ ही पुलिस प्रशासन ने भी महिला गश्ती टीम को नियमित राउंड लगाने के निर्देश दिए। गुरुवार शाम महिला कांस्टेबलों को पार्क में मुस्तैदी से निगरानी करते देखा गया।
स्थायी समाधान की मांग
पार्क में घूमने आने वाले नागरिकों ने कहा कि श्रमदान से अस्थायी सुधार तो हुआ है, लेकिन चूहों की समस्या का स्थायी समाधान आवश्यक है। जब तक लोग खाने-पीने का सामान खुले में छोड़ते रहेंगे, तब तक यह समस्या बनी रहेगी। स्थानीय लोगों का सुझाव है कि पार्क में अधिक कचरा पात्र लगाए जाएं और सख्ती से लोगों को उसमें ही अवशेष डालने के लिए पाबंद किया जाए। तभी चूहों के बढ़ते प्रकोप और बिल बनाने की समस्या से स्थायी राहत मिल सकेगी।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *