LOADING

Type to search

कांग्रेस राज में मिले जख्म को भरने का काम कर रही भाजपा सरकार – मोदी

Local

कांग्रेस राज में मिले जख्म को भरने का काम कर रही भाजपा सरकार – मोदी

Share

भारत जीएसटी बचत उत्सव मना रहा, बयान बहादुर झूठ फैला रहे
प्रधानमंत्री ने बांसवाड़ा में रखी माही परमाणु बिजलीघर की आधारशिला
बांसवाड़ा, 24 सितम्बर (उदयपुर डेस्क):
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को राजस्थान के आदिवासी बहुल जिले बांसवाड़ा के नापला में माही परमाणु बिजलीघर की आधारशिला रखी। साथ ही एक लाख 8 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन किया। प्रधानमंत्री ने कहा कि आज पूरा देश जीएसटी बचत उत्सव मना रहा है, लेकिन बयान बहादुर झूठ फैला रहे हैं। कांग्रेस राज में हर जगह लूट थी, वहीं भाजपा राज में बचत से जनता को राहत मिली है। कांग्रेस राज में मिले जख्म को भरने का काम भाजपा सरकार कर रही है।
प्रधानमंत्री ने लगभग 45 हजार करोड़ रुपए के माही परमाणु बिजलीघर की आधारशिला रखने के बाद जनसभा को संबोधित कर कहा कि कांग्रेस ने जो जख्म दिए, उसे भरने का काम हमारी सरकार कर रही है। कांग्रेस ने आदिवासी समाज को हमेशा नजरअंदाज किया। आदिवासी की जरूरतों को कभी समझा ही नहीं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की सरकार में जनजाति मंत्रालय बना। उसके पहले कई दशकों तक एक अलग मंत्रालय नहीं बना, जबकि कई महान नेता पैदा हो गए। कांग्रेस के दौर में कोई यह कल्पना नहीं कर सकता था कि आदिवासी क्षेत्र में इतने बड़े प्रोजेक्ट आएंगे।
स्वदेशी को बनाए अपना स्वाभिमान
मोदी ने कहा कि हमारा लक्ष्य आत्मनिर्भर भारत का है। इसका रास्ता स्वदेशी के मंत्र से जाता है। स्वदेशी के मंत्र को भूलना नहीं है। देशवासियों और दुकानदारों से आग्रह है कि जो बेचेंगे, स्वदेशी ही बचेंगे। जो खरीदेंगे, वह भी स्वदेशी ही खरीदेंगे। किसी भी देश की कंपनी या ब्रांड हो, यदि भारत में बना है, उसमें देश की मिट्टी और युवाओं के पसीने की महक हो, उसे प्राथमिकता दें। देश का पैसा देश में ही कारीगर और कामगार के पास जाता है। वह पैसा देश के विकास में लगता है। नए हाईवे, सड़कें, स्कूल, अस्पताल, और गरीबों के घर बनते हैं। स्वदेशी को अपना स्वाभिमान बनाना है। त्योहारों में स्वदेशी खरीदने का संकल्प लें।
बचत की कांग्रेस राज से की तुलना
प्रधानमंत्री ने कांग्रेस राज से तुलना कर जीएसटी रिफाॅर्म से हो रही बचत के कई उदाहरण दिए। उन्होंने कहा कि देश के सामान्य व्यक्ति का जीवन आसान होता है तो वह खुद आगे बढ़कर देश की प्रगति का नेतृत्व करता है। 11 साल पहले कांग्रेस सरकार लोगों का शोषण करने के साथ हर जगह लूट रही थी। टैक्स और महंगाई आसमान पर थी। भाजपा सरकार ने कांग्रेस की लूट को बंद किया। जो मुझ पर गुस्से में रहते हैं, इसका कारण यहीं है। 2017 में जीएसटी लागू किया। जीएसटी रिफॉर्म को नवरात्रि से लागू किया। 2014 से पहले कांग्रेस सरकार 100 रुपए की खरीद पर 31 रुपए टैक्स लेती थी। 2017 में जीएसटी लागू करने पर वही सामान 118 में आने लगा। कांग्रेस सरकार से भाजपा सरकार आते-आते 13 रुपए की बचत हुई। जीएसटी रिफॉर्म के बाद अब 100 रुपए के सामान पर 5 रुपए टैक्स लगता है। कांग्रेस राज की तुलना में सौ रुपए की खरीदारी पर 26 रुपए की बचत हो रही है। कांग्रेस राज में 500 का जूता 575 रुपए में आता था। सरकार 75 टैक्स वसूलती थी। जीएसटी लागू होने के बाद 15 रुपया कम हो गया। अब तो 50 रुपया कम देना पड़ेगा। स्कूटर और बाइक खरीदना कांग्रेस राज में सपना था। 60 हजार की बाइक पर 19 हजार टैक्स था। जीएसटी लागू होने के बाद टैक्स कम किया। 22 सितंबर से 60 हजार की बाइक पर 10 हजार टैक्स ही लग रहा है। कांग्रेस सरकार तीन सौ रुपए के सीमेंट बैग पर 90 रुपए से अधिक टैक्स लेती थी। जीएसटी के बाद 10 रुपए कम हो गए। अब सीमेंट के बैग पर 50 रुपए ही जीएसटी लग रही है। 2014 की तुलना में 40 रुपए की बचत हो रही है। कांग्रेस राज में जहां लूट ही लूट थी, वहां भाजपा राज में बचत ही बचत है। तभी देश जीएसटी बचत उत्सव मना रहा है। उन्होंने कहा कि पं. दीनदयाल उपाध्याय ने अन्त्योदय का सिद्धांत दिया। समाज की अतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति का उत्थान हमारा मिशन बन गया है। गरीब, दलित, पिछडे, किसान सभी के उत्थान के लिए काम रहे हैं।
परमाणु बिजलीघर आधुनिक भारत का स्वर्णिम अध्याय
इस अवसर पर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पं. दीनदयाल उपाध्याय का स्मरण करते हुए कहा कि आज प्रधानमंत्री का आगमन ऐतिहासिक साबित हो रहा है। आज राजस्थान को एक लाख 8 हजार करोड़ की सौगातें मिल रही हैं। आज देश ऊर्जा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयां छू रहा है। परमाणु बिजलीघर आधुनिक भारत का स्वर्णिम अध्याय है। हजारों युवाओं को रोजगार मिलेगा। भारत आज दुनिया की तीसरी आर्थिक शक्ति बनने की ओर अग्रसर है। जीएसटी बचत उत्सव ने उत्साह के साथ देशवासियों को दिवाली मनाने का अवसर दिया है।
सरकार का उद्देश्य गरीब की सेवा
केंद्रीय मंत्री प्रहलाद जोशी ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि ऊर्जा से जुड़ी एक लाख 22 हजार करोड़ की परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण हो रहा है। जीएसटी में कमी से रिन्यूअल एनर्जी का दाम कम होगा। इससे गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को बड़ी राहत मिलेगी। केंद्र सरकार का एकमात्र उद्देश्य गरीब की सेवा है। आत्मनिर्भर भारत बनाने के लिए स्वदेशी माॅड्यूल अपनाया है। मनमोहन सरकार में सात करोड़ लोग तीन दिन अंधेरे में रहे। आज मोदी के नेतृत्व में 500 मेगावाट बिजली का उत्पादन हो रहा है। देश में आमूलचूल परिवर्तन प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हुआ है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *