प्रधानमंत्री की यात्रा से बंधी उम्मीदें नहीं हुई पूरी
Share
कांग्रेस की बैठक में जताई गई निराशा
उदयपुर, 26 सितम्बर: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बांसवाड़ा आगमन और परमाणु बिजली संयंत्र के शिलान्यास के पश्चात बांसवाड़ा जिला कांग्रेस कमेटी कार्यालय में शुक्रवार को वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। इसमें वक्ताओं ने कहा कि प्रधानमंत्री की यात्रा से वागड़ को जो उम्मीदें बंधी थी, वह एक भी पूरी नहीं हुई।
बैठक में वक्ताओं ने दावा किया कि 1987 में कांग्रेस सरकार ने परमाणु बिजलीघर के लिए भूमि आरक्षित कर ली थी। इसके बाद राजकीय कारणों से यह कार्य टलता चला गया। प्रधानमंत्री की यात्रा से इस क्षेत्र को सौगातों की उम्मीद थी, किंतु यहां की जनता को निराश होना पड़ा। रेल परियोजना का इंतजार करते बांसवाड़ा को घोषणा की उम्मीद थी। बरसों से मानगढ़ धाम को राष्ट्रीय स्मारक घोषित करने, फोरलेन की उम्मीद धरी की धरी रह गई। जिले में सड़कों की बदहाली भाजपा शासन का तोहफा है। कांग्रेस शासन काल में हुए विकास के आगे भाजपा के शासनकाल में विकास के नाम पर कोई बड़ा काम नहीं हुआ है। जितना विकास कांग्रेस के शासनकाल में हुआ उसे यहां की जनता जानती है और इस विकास का लाभ भी उठा रही है। माही बांध ने इस क्षेत्र की तकदीर को बदला है, यह कांग्रेस के नेताओं की दूर दृष्टि का बड़ा उदाहरण है। माही बांध के पानी की उपलब्धता से ही परमाणु बिजली घर की स्थापना का सपना साकार हुआ है। बैठक में जीएसटी के नाम पर जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया गया। पार्टी प्रवक्ता इमरान खान पठान ने जानकारी दी कि इस दौरान जिलाध्यक्ष रमेशचंद्र पंड्या, विधायक अर्जुनसिंह बामनिया, कार्यकारी अध्यक्ष अब्दुल गफ्फार, विधायक नानालाल निनामा, वरिष्ठ नेता कृष्णपाल सिंह सिसोदिया और गौरव पंड्या मौजूद रहे।
