पुलिस हिरासत में बीमार युवक की मौत की अफवाह से बवाल
Share
आक्रोशित भीड़ ने किया जाम, डीएसपी की कार पर पथराव; हालात नियंत्रित करने उदयपुर से बुलाया अतिरिक्त पुलिस बल
डूंगरपुर, 29 सितम्बर (उदयपुर डेस्क): डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में चोरी के आरोपी की तबीयत बिगड़ने और मौत की अफवाह फैलने से माहौल तनावपूर्ण हो गया। आक्रोशित भीड़ ने न केवल सड़क जाम किया बल्कि सराडा से ड्यूटी पर आए डीएसपी की कार पर भी पथराव कर दिया।
पुलिस ने शुक्रवार सुबह चोरी के आरोप में देवसोमनाथ कलारिया निवासी दिलीप अहारी को डूंगरपुर शहर में उसकी बुआ के घर से गिरफ्तार किया था। पूछताछ के दौरान उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती करवाया, जहां उसकी स्थिति गंभीर होने पर उदयपुर रेफर किया गया। इसी बीच सोमवार को उसकी मौत की अफवाह फैल गई, जिससे परिजन और बीएपी समर्थक आक्रोशित हो उठे।
सड़क जाम और पथराव
गुस्साए लोगों ने डूंगरपुर-पुनाली-फ्लोज रोड तिराहे पर दो बार जाम लगाया। पुलिस की समझाइश पर जाम खुलवाया गया, लेकिन इसी दौरान डीएसपी चांदमल सिंगाड़िया जब सरकारी गाड़ी से थाने की ओर जा रहे थे, तो भीड़ ने उनकी कार रोककर पथराव कर दिया। पत्थरों से कार के शीशे टूट गए और युवकों ने साइड ग्लास खींचकर तोड़ दिया। कुछ ने कार पर मुक्के भी मारे, हालांकि डीएसपी सुरक्षित रहे।
भारी पुलिस बल तैनात
तनावपूर्ण हालात को देखते हुए डूंगरपुर जिले के सभी थानों से पुलिसकर्मी दोवड़ा में बुलाए गए। अतिरिक्त एसपी अशोक कुमार और कई अधिकारी मौके पर पहुंचे। साथ ही उदयपुर और सलूंबर से भी अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया ताकि स्थिति पर नियंत्रण रखा जा सके।
कलेक्ट्री पहुंचा मामला
हंगामे के बाद बीएपी नेताओं और स्थानीय लोगों ने कलेक्ट्री पहुंचकर विरोध दर्ज कराया। आसपुर विधायक उमेश डामोर और दिग्विजय सिंह चुंडावत सहित अन्य नेताओं ने पुलिस पर युवक से मारपीट का आरोप लगाते हुए दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
एसपी की अपील
इस पूरे घटनाक्रम पर डूंगरपुर एसपी मनीष कुमार ने कहा कि युवक का इलाज उदयपुर में जारी है और उसकी स्थिति स्थिर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि मौत की खबर अफवाह है। साथ ही परिजनों के आरोपों की जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का भरोसा दिलाया। एसपी ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की।
