भक्तों को अब 30 रुपए में भरपेट भोजन
Share
भदेसर भेरुजी मंदिर ट्रस्ट ने शुरू की भोजनशाला
मंडफिया, 30 सितम्बर : भदेसर भैरवनाथ मंदिर ट्रस्ट ने श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर में भोजनालय शुरू की है। नवरात्रि पर्व से प्रारंभ हुई इस पहल के तहत भक्तों को मात्र 30 रुपए में शुद्ध और पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं असहाय, विकलांग एवं संत-महात्माओं को निशुल्क भोजन दिया जाएगा।
मंदिर ट्रस्ट अध्यक्ष ओंकार नाथ ने बताया कि भदेसर मुख्यालय पर बड़ी होटल या व्यवस्थित रेस्टोरेंट नहीं होने से दर्शनार्थियों को भोजन की परेशानी होती थी। ग्रामीणों द्वारा लंबे समय से अन्नपूर्णा योजना के तहत भोजनशाला खोलने की मांग की जा रही थी, लेकिन सरकार की ओर से केवल आश्वासन मिला। ऐसे में मंदिर ट्रस्ट ने स्वयं यह व्यवस्था शुरू कर यात्रियों के लिए एक आदर्श प्रस्तुत किया है।
भोजनशाला सुबह 10 से दोपहर 1 बजे तक और शाम 7 से रात 10 बजे तक संचालित होगी। क्षेत्रवासियों और श्रद्धालुओं ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ट्रस्ट ने यात्रियों की बड़ी समस्या का समाधान किया है।
