ट्रक-ट्रेलर भिड़ंत में लगी आग, जिंदा जला ड्राइवर
Share
चित्तौड़गढ़ में कोर्ट पुलिया पर हादसा, अफरा-तफरी मची
चित्तौड़गढ़, 1 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): जिले के गंगरार क्षेत्र में मंगलवार देर रात कोर्ट पुलिया पर ट्रक और ट्रेलर की जबरदस्त भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में आग लग गई। ट्रक ड्राइवर और खलासी तो कूदकर बच निकले, लेकिन ट्रेलर चालक जिंदा ही आग में झुलस गया।
गंगरार थाने के एएसआई शिवलाल शर्मा के अनुसार ट्रक में प्याज भरे थे, जबकि ट्रेलर में लोहे का बुरादा। ट्रक चालक ने अचानक ब्रेक लगाया, जिससे पीछे आ रहे ट्रेलर ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रेलर का डीजल टैंक फट गया और आग फैल गई।
भीषण लपटों के बीच ट्रेलर चालक कालूराम (41) पुत्र दुर्गाराम मीणा, निवासी दुनी, टोंक बाहर नहीं निकल पाया। तीन दमकलों ने डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। बाद में जले हुए शव को बाहर निकाला गया।
मृतक की पहचान उसके भाई ने की। दरअसल, कालूराम का 2009 में भी ट्रेलर एक्सीडेंट हुआ था, जिसमें उसके पैर में रॉड डली थी। जलने के बाद वही रॉड बाहर दिखने पर परिजनों ने पहचान पक्की की।
कालूराम के तीन बच्चे हैं—दो बेटियां 13 व 10 वर्ष और एक बेटा 5 साल का। हादसे की सूचना पर परिजन जिला अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
ट्रक और ट्रेलर सड़क पर खड़े रहने से लंबा जाम लग गया। पुलिस ने हाइड्रा मशीन से देर रात वाहनों को हटाकर यातायात बहाल किया।
