कर्ज उतारने कर दी थी दादी की हत्या, 24 घंटे में खुलासा
Share
आनंदपुरी पुलिस ने जेठ के आरोपी पौत्र को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त हथियार बरामद किया
बांसवाड़ा, 1 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): जिले के छाजा कस्बे में 58 वर्षीय कलावती पत्नी सुरेंद्र पंड्या की निर्मम हत्या का खुलासा आनंदपुरी थाना पुलिस ने मात्र 24 घंटे में कर दिया। महिला की हत्या उसके जेठ के पौत्र चंकी उर्फ सुविक पंड्या ने की थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद किया है।
मौके पर दूध देने आए युवक ने घर से कोई आवाज न सुनने पर पड़ोसियों को सूचना दी। पड़ोसियों ने खिड़की से अंदर देखा तो महिला की लाश रसोईघर में खून से लथपथ पड़ी थी। महिला घर में अकेली रहती थी। पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम की मदद से साक्ष्य एकत्र किए।
पहले गुमराह किया, बाद में कबूला जुर्म
आनंदपुरी थानाधिकारी कपिल पाटीदार ने बताया कि मृतका के पुत्र अमित पंड्या की रिपोर्ट पर प्रकरण दर्ज किया गया। पूछताछ में आरोपी पहले गुमराह करता रहा, लेकिन सख्ती से पूछताछ करने पर उसने हत्या करना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार चंकी कर्जदार था और पैसों की जरूरत थी। उसने महिला के अकेले रहने और गहनों की जानकारी का फायदा उठाकर रसोई में काम कर रही महिला को नीचे गिराकर चाकू से सिर और गले में कई वार किए। इसके बाद सोने की चेन और कंगन लेकर घर से फरार हो गया। आरोपी पूर्व में गुजरात में रहता था। आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पुलिस वारदात में प्रयुक्त हथियार और अन्य साक्ष्यों को कब्जे में लेकर जांच कर रही है। परिजन और आस-पास के लोग घटना से स्तब्ध हैं, जबकि पुलिस ने सुरक्षा बढ़ा दी है। इस वारदात ने छाजा कस्बे में सनसनी फैला दी है और स्थानीय प्रशासन अलर्ट मोड पर है।
