उदयपुर एयरपोर्ट: अगले साल उदयपुर से विदेश के लिए सीधी उड़ान संभव
Share
एक नवम्बर से कनेक्टिविटी उड़ानें होंगी शुरू, यात्री भार के बाद सीधी सेवा की उम्मीद
उदयपुर, 2 अक्टूबर (सुभाष शर्मा): लेकसिटी के लिए नया साल सुखद रहेगा, यहां के डबोक स्थित महाराणा प्रताप हवाई अड्डे से ऐसी उम्मीद की संभावना है। साल 2026 के जनवरी माह में एयरपोर्ट के विकास का काम भी पूरा हो जाएगा। एक नवम्बर से उदयपुर के एयरपोर्ट से यात्री सिंगापुर और दुबई एक ही विमान सेवा से जा पाएंगे लेकिन यह सेवाएं कनेक्टिविटी के जरिए शुरू होने जा रही हैं।
एयर इंडिया एक्सप्रेस की नई सुविधा के तहत एक नवम्बर से उदयपुर से दुबई और सिंगापुर तक कनेक्टिविटी शुरू हो रही है। यात्री उदयपुर से उड़ान भरकर दिल्ली और बेंगलुरु होते हुए अंतरराष्ट्रीय गंतव्यों तक पहुंच सकेंगे। यह कदम उदयपुर को वैश्विक स्तर पर जोड़ने की दिशा में अहम साबित होगा। अभी तक यात्रियों को अंतरराष्ट्रीय यात्रा के लिए जयपुर, अहमदाबाद या दिल्ली जाना पड़ता था, लेकिन अब सीधा कनेक्शन मिलने से समय और खर्च दोनों की बचत होगी। एयरपोर्ट प्रबंधन का मानना है कि यह सेवा व्यापार, पर्यटन और प्रवासी भारतीयों के लिए लाभकारी सिद्ध होगी। यदि यात्री भार बढ़ा तो भविष्य की योजना के तहत उदयपुर से सीधे अंतरराष्ट्रीय उड़ानों की भी संभावना जताई जा रही है। इससे न सिर्फ पर्यटन को बढ़ावा मिलेगा, बल्कि लेकसिटी के होटल, ट्रैवल एजेंसियों और स्थानीय कारोबार को भी बड़ा फायदा होगा।
गौरतलब है कि उदयपुर विश्वभर के पर्यटकों की पसंदीदा जगह है और यहां से सीधी उड़ानों का संचालन होने पर पर्यटन उद्योग को नई ऊंचाइयां मिलेंगी। एयरपोर्ट अधिकारियों ने बताया कि यात्रियों की संख्या और मांग को देखते हुए आने वाले समय में अन्य देशों के लिए भी सीधी उड़ानें शुरू करने की संभावनाएं हैं।
