अपराधियों पर सख्ती जरूरी, तभी होगा भयमुक्त समाज: बाबूलाल खराड़ी
Share
डूंगरपुर कस्टडी डेथ पर बोले– मेडिकल रिपोर्ट में होगा सच उजागर
उदयपुर, 2 अक्टूबर: जनजाति क्षेत्रीय विकास मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने कहा कि सभी पुलिसकर्मी खराब नहीं होते, लेकिन अपराधियों से पुलिस सख्ती नहीं करेगी तो समाज भयमुक्त कैसे होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि पुलिस कभी निर्दोष को थाने नहीं लाती।
मंत्री खराड़ी गुरुवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। डूंगरपुर में पुलिस हिरासत में युवक की मौत के मामले पर उन्होंने कहा कि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद सारा सच सामने आ जाएगा। बिना जांच के पुलिस पर आरोप लगाना उचित नहीं है। साथ ही, उन्होंने बांसवाड़ा सांसद राजुकमार रोत पर युवाओं को गुमराह करने का आरोप लगाया। खराड़ी ने कहा कि पीड़ित परिवार को मुआवजा राज्य सरकार नहीं, बल्कि पुलिस ने जुटाकर दिया है।
आत्मनिर्भर भारत का आह्वान
खराड़ी ने स्वदेशी अपनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल आर्थिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है, बल्कि यह स्थानीय उद्योगों को बढ़ावा देने और सामाजिक सरोकारों से भी जुड़ा है। इसमें महात्मा गांधी की ‘स्वदेशी अपनाओ’ और पंडित दीनदयाल उपाध्याय की ‘अंत्योदय’ की परिकल्पना शामिल है।
चिप से लेकर शीप तक सब भारत में निर्मित
उन्होंने कहा कि ‘चिप से लेकर शिप तक’ सब कुछ भारत में निर्मित होना चाहिए। जीएसटी सुधारों और ‘ईज ऑफ डूइंग बिज़नेस’ ने उद्योग जगत को गति दी है। साथ ही, उन्होंने दावा किया कि वसुंधरा राजे और प्रधानमंत्री मोदी के प्रयासों से ही राजस्थान के गांवों तक सड़क और बिजली पहुंची।
