LOADING

Type to search

उदयपुर राजस्थान का पहला शहर, जहां ऑटो पर अंकित हो रहा चालक का विवरण

Local

उदयपुर राजस्थान का पहला शहर, जहां ऑटो पर अंकित हो रहा चालक का विवरण

Share

पर्यटकों की सुरक्षा के लिए नई पहल, ऑटो पर विशेष स्टीकर अभियान शुरू
15 दिनों में 3 हजार ऑटो होंगे रजिस्टर्ड, चालक का सत्यापन और ड्रेस कोड भी होगा लागू

उदयपुर, 4 अक्टूबर: पर्यटकों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए उदयपुर पुलिस ने नई पहल शुरू की है। शहर के सभी पैसेंजर ऑटो पर विशेष स्टीकर लगाने का अभियान शनिवार से शुरू कर दिया गया है। इन स्टीकरों पर ऑटो का नंबर, चालक या मालिक का नाम और मोबाइल नंबर अंकित रहेगा, जो यात्रियों के लिए सुविधाजनक होगा।
देहलीगेट स्थित पुलिस कंट्रोल रूम पर शनिवार से इस अभियान का शुभारंभ उदयपुर शहर विधायक ताराचंद जैन, उदयपुर ग्रामीण फूलसिंह मीणा, जिला कलेक्टर नमित मेहता, पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल सहित ऑटो यूनियन पदाधिकारी और ट्रैफिक पुलिसकर्मी मौजूद रहे। कार्यक्रम में अतिथियों ने 50 से अधिक ऑटो पर स्टीकर चिपकाए। अधिकारियों ने बताया कि उदयपुर राजस्थान का पहला शहर है, जहां सभी पैसेंजर ऑटो पर यह व्यवस्था लागू होगी। अगले 15 दिनों में लगभग 3 हजार ऑटो पर स्टीकर चिपकाए जाएंगे।
एसपी योगेश गोयल ने बताया कि शहर की संकड़ी गलियों और ढलानों के चलते पर्यटक अधिकतर ऑटो का उपयोग करते हैं। यदि कोई यात्री सामान भूल जाए, तो स्टीकर पर दर्ज नंबर से आसानी से संपर्क कर सकेगा। इन स्टीकरों पर पुलिस हेल्पलाइन नंबर भी अंकित होगा। इससे यात्रियों को सुरक्षा का भरोसा मिलेगा और किसी आपात स्थिति में तुरंत मदद मिल सकेगी।
इसके साथ ही ड्राइवर और मालिक का सत्यापन भी किया जा रहा है, जिससे उन्हें हर समय दस्तावेज साथ रखने की आवश्यकता नहीं होगी। अभियान के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को हेलमेट वितरित कर सुरक्षा जागरूकता बढ़ाई गई। पुलिस और यूनियन मिलकर ऑटो ड्राइवरों के लिए ड्रेस कोड लागू करने की दिशा में भी काम कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम उदयपुर आने वाले देशी-विदेशी पर्यटकों को सुरक्षित और सहज अनुभव दिलाने में मील का पत्थर साबित होगा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *