चित्तौड़गढ़ में सोती महिलाओं के गहने छीने
Share
गाड़ी में आए चोरों ने दो घरों में दी वारदात को अंजाम, बुजुर्ग घायल
चित्तौड़गढ़, 5 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): जिले के भदेसर थाना क्षेत्र के असावरा माता कस्बे में शनिवार देर रात चोरों ने दो घरों में घुसकर महिलाओं के गहने छीन लिए। यह वारदात रात करीब एक से दो बजे के बीच की है। चोर एक गाड़ी में सवार होकर आए थे और उनकी संख्या पांच से छह बताई जा रही है। उन्होंने सो रही महिलाओं को निशाना बनाकर उनके कान, गले और पैरों से गहने खींच लिए और फरार हो गए।
पहली वारदात गाडरी मोहल्ले में टेंट व्यवसायी प्रभु लाल गाडरी के घर में हुई। उस समय प्रभु लाल और उनका बेटा बाहर थे, जबकि घर पर पत्नी मोहिनी बाई (50) और बेटी देवकन्या मौजूद थीं। चोर घर में घुसे और सो रही मोहिनी बाई के कानों से टॉप्स जोर से खींच लिए, जिससे वह लहूलुहान हो गईं। उन्होंने गले की मादलिया (हार) भी छीन ली। महिला की चीख सुनकर लोग जुटे, लेकिन तब तक चोर गाड़ी लेकर भाग गए।
इसी दौरान पास ही स्थित नंदलाल मेनारिया के घर में भी चोरों ने धावा बोला। उन्होंने 80 वर्षीय जमना बाई और उनके पति के साथ मारपीट कर पैरों की कड़ियां, नथ व अन्य गहने छीन लिए। दोनों घटनाओं से पूरे कस्बे में दहशत फैल गई। सूचना पर भदेसर थाना पुलिस मौके पर पहुंची, मौका मुआयना किया और नाकाबंदी कर चोरों की तलाश शुरू की, लेकिन देर रात तक कोई सुराग नहीं मिला।
