हरियालो राजस्थान कार्यक्रम : उदयपुर में लक्ष्य के मुकाबले 11 लाख पौधे कम लगे
Share
वन विभाग ने लक्ष्य पार किया, चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग सबसे फिसड्डी
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 7 अक्टूबर: राज्य के महत्त्वाकांक्षी ‘हरियालो राजस्थान’ कार्यक्रम के तहत उदयपुर जिले में पौधारोपण का लक्ष्य अब तक पूरा नहीं हो पाया है। 3 अक्टूबर 2025 तक जिले में कुल 52.74 लाख पौधे वितरण कर लगवाने का लक्ष्य था, लेकिन केवल 41.17 लाख पौधे ही वितरित किए जा सके। इस प्रकार 11.57 लाख पौधों का लक्ष्य अभी अधूरा है। कार्यक्रम का उद्देश्य राजस्थान में हरियाली बढ़ाना और समाज के सभी वर्गों को लाभ पहुँचाना है।
उप वन संरक्षक कार्यालय से मिली रिपोर्ट के अनुसार वन विभाग पौधे लगाने में अव्वल रहा, जिसने तय लक्ष्य 11.62 लाख के मुकाबले 12.54 लाख पौधे लगाए। जबकि चिकित्सा एवं आयुर्वेद विभाग सबसे फिसड्डी रहे।
विभागवार उपलब्धि
वन विभाग ने 11.62 लाख के लक्ष्य के मुकाबले 12.54 लाख पौधे वितरित कर लक्ष्य पार किया। पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग तथा MGNREGA ने 11.62 लाख के लक्ष्य में 11.84 लाख पौधे लगाए। शहरी सुधार ट्रस्ट ने 38,461 के लक्ष्य के मुकाबले 3.21 लाख पौधे लगवाए। शिक्षा विभाग ने 4.76 लाख के लक्ष्य में 6.58 लाख पौधे लगवाते हुए बढ़त हासिल की। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड ने 2.50 लाख के लक्ष्य में 2.80 लाख पौधे वितरित किए।
इनका रहा कमजोर प्रदर्शन
जल संसाधन विभाग ने 26,000 के लक्ष्य में केवल 8,021 पौधे, लोक निर्माण विभाग 87,600 के लक्ष्य में 36,260 पौधों तक सीमित रहा। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग सबसे फिसड्डी साबित हुआ, जिसका लक्ष्य एक लाख पौधे लगवाने का था, जबकि उसने महज 924 पौधे ही लगवाने में भूमिका निभाई। आयुर्वेद विभाग ने 54,527 के लक्ष्य में केवल 3,098 पौधे लगवाए और निचले क्रम से दूसरे नंबर पर रहा।
