हिमाचल प्रदेश में बस पर पहाड़ी से मलबा गिरा, 15 की मौत
Share
बिलासपुर, 7 अक्टूबर : हिमाचल प्रदेश के बिलासपुर जिले में मंगलवार शाम मरोतन से घुमारवीं जा रही यात्री बस पर अचानक पहाड़ से मलबा गिर गया। हादसे में 15 लोगों की मौत हो गई, जबकि बस में दबे दो बच्चों को सुरक्षित निकाल लिया गया।
हादसे के तुरंत बाद SDRF, NDRF, पुलिस और स्थानीय लोग राहत एवं बचाव कार्य में जुट गए। बिलासपुर के SP संदीप धवल ने बताया कि ज्यादातर मलबा हटा दिया गया है और बाकी पत्थरों को हटाकर यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि बस में कोई और यात्री दबा तो नहीं है। बस में लगभग 18-19 लोग सवार थे।
इस घटना का कारण बिलासपुर समेत हिमाचल के ज्यादातर हिस्सों में सुबह से जारी भारी बारिश बताया जा रहा है। बरठीं के पास भलू में पहाड़ी का मलबा बस पर गिरा, जिससे बस पूरी तरह दब गई और हादसे के बाद बस की केवल छत ही नजर आई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस-प्रशासन को सूचना दी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने घटना पर गहरा दुख जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि इस कठिन समय में उनकी संवेदनाएं प्रभावित परिवारों के साथ हैं। पीएम ने मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपए और घायलों को 50-50 हजार रुपए की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।
हादसे ने राज्य में मूसलाधार बारिश और पहाड़ी मार्गों की संवेदनशीलता को दोबारा उजागर किया है। प्रशासन ने ग्रामीणों और यात्रियों को सतर्क रहने और सुरक्षित मार्गों का उपयोग करने की सलाह दी है। राहत कार्य अभी जारी है और घायल बच्चों का इलाज नजदीकी अस्पताल में चल रहा है।
