डूंगरपुर में हथियारबंद बदमाशों ने बस रोकी
Share
फिल्मी अंदाज में डकैती की कोशिश, यात्रियों के विरोध पर भागे आरोपी
डूंगरपुर, 8 अक्टूबर (उदयपुर डेस्क): डूंगरपुर जिले के दोवड़ा थाना क्षेत्र में मंगलवार देर रात हथियारबंद बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में एक ट्रेवल्स बस को रोककर डकैती की कोशिश की। हालांकि, यात्रियों के शोर मचाने और विरोध करने पर बदमाश भाग निकले। पूरी वारदात का वीडियो भी सामने आया है।
जानकारी के अनुसार, बस चालक देवकुमार मीणा रोजाना डूंगरपुर से इंदौर के बीच बस चलाते हैं। मंगलवार रात बस जब डूंगरपुर-आसपुर मार्ग पर पुनाली घाटा के पास पहुंची, तब एक इको कार में सवार 7-8 हथियारबंद बदमाशों ने बस को ओवरटेक कर आगे रोक लिया। लाठियां और तलवारें लेकर बाहर निकले बदमाश यात्रियों को धमकाने लगे।
इस दौरान चालक ने तुरंत केबिन की लाइट जलाई और यात्रियों ने चिल्लाना शुरू कर दिया। विरोध बढ़ता देख बदमाश घबरा गए और मौके से फरार हो गए। चालक ने घटना की सूचना तुरंत बस मालिक और दोवड़ा थाना पुलिस को दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी बदमाशों की तलाश के लिए सर्च अभियान शुरू कर दिया है।
