आईआईएम उदयपुर 2026 से शुरू करेगा हिंदी में बीबीए कोर्स
Share
पाठ्यसामग्री, शिक्षण अनुभव और प्लेसमेंट को लेकर सवाल
सुभाष शर्मा
उदयपुर, 8 अक्टूबर: भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम) उदयपुर वर्ष 2026-27 से हिंदी में बैचलर ऑफ बिजनेस एडमिनिस्ट्रेशन (बीबीए) कोर्स शुरू करने जा रहा है। यह कदम केंद्र सरकार की भारतीय भाषाओं में उच्च शिक्षा को बढ़ावा देने की नीति के तहत उठाया गया है। संस्थान के निदेशक अशोक बनर्जी ने बताया कि यह कार्यक्रम ऑनलाइन मोड में संचालित होगा, जिसमें छात्र अंग्रेजी या हिंदी माध्यम का चयन कर सकेंगे।
हिंदी माध्यम के छात्रों के लिए अवसर
बनर्जी के अनुसार, हिंदी माध्यम से पढ़े छात्रों को अब तक भाषा की बाधा के कारण प्रबंधन क्षेत्र में आगे बढ़ने में कठिनाई होती थी। यह नया कोर्स उन्हें समावेशी शिक्षा के जरिए अवसर प्रदान करेगा। यह भारत का पहला ऐसा बीबीए कार्यक्रम होगा जो हिंदी में उपलब्ध होगा। चार वर्षीय इस कोर्स में 40 विषय होंगे, जिनमें प्रत्येक का शिक्षण समय 60 घंटे होगा। इनमें 30 घंटे वीडियो लेक्चर और 30 घंटे लाइव ऑनलाइन क्लास शामिल हैं।
संकाय सदस्यों और विशेषज्ञों की चिंताएं
हालांकि, कुछ संकाय सदस्यों और पूर्व आईआईएम प्रोफेसरों ने इस पहल को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि हिंदी में प्रबंधन से जुड़ी पाठ्यपुस्तकों की भारी कमी है, जिससे छात्रों को अध्ययन सामग्री जुटाने में कठिनाई होगी। साथ ही, अधिकांश प्रोफेसरों को हिंदी में पढ़ाने का अनुभव नहीं है।
प्लेसमेंट और भविष्य की चुनौतियाँ
विशेषज्ञों का मानना है कि कोर्स की लोकप्रियता और सफलता प्लेसमेंट पर निर्भर करेगी। उनका तर्क है कि हिंदी माध्यम से पढ़े छात्रों को कॉर्पोरेट क्षेत्र में वही अवसर मिलें, यह सुनिश्चित करना बड़ी चुनौती होगा।
