सरकारी स्कीम का झांसा देकर हड़पी 5 बीघा जमीन
Share
एक आरोपी गिरफ्तार, 8 नामजद
उदयपुर, 9 अक्टूबर: सरकारी स्कीम में पैसा दिलाने का झांसा देकर किसानों की 5 बीघा जमीन हड़पने के मामले में गोगुंदा पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि अन्य आठ आरोपियों को नामजद किया गया है।
पुलिस अधीक्षक योगेश गोयल ने बताया कि आरोपी प्रकाश पुत्र तख्ताराम गमेती (32), निवासी गोगुंदा को गिरफ्तार कर चार दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
मामला तब सामने आया जब खेरावास दादिया (थाना गोगुंदा) के पीड़ित किसानों कसाल भील, हीरा भील, चुन्नीलाल भील, भूरकी बाई, बसंती और भैरूलाल आदि ने पुलिस अधीक्षक को परिवाद पेश किया। आरोपियों ने ईसवाल स्थित उनकी जमीन पर सरकारी सहायता दिलाने का झांसा दिया और धोखे से पावर ऑफ अटॉर्नी व रजिस्ट्री करवा ली। आरोपियों ने पीड़ितों के खातों में 6 लाख रुपए जमा कर ई-मित्र से पुनः निकाल लिए और मात्र 10-10 हजार रुपए देकर बाकी रकम हड़प ली। जांच में खुलासा हुआ कि जमीन बालूलाल भील और उसकी पत्नी कमला के नाम पर कर दी गई थी।
अनुसंधान अधिकारी डीएसपी सूर्यवीर सिंह राठौड़ के अनुसार, मामले में आरोपी प्रकाश गमेती के साथ गिरीश सिंह, नरेश मेघवाल, बालूलाल गमेती, गणेश गमेती, दिनेश जोशी, राकेश कुमावत, लोकेन्द्र सिंह सहित अन्य आरोपियों को नामजद किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, बालूलाल गमेती पर 6, गिरीश सिंह पर 5 और प्रकाश गमेती पर हत्या सहित कई मामले दर्ज हैं। शेष आरोपियों की तलाश जारी है।
