वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में सामने आई तकनीकी गड़बड़ी
Share
दंपतियों में केवल एक का नाम आया लॉटरी में, विभाग ने माना सिस्टम में हुई गलती
उदयपुर, 9 अक्टूबर: देवस्थान विभाग की वरिष्ठ नागरिक तीर्थयात्रा योजना में इस बार बड़ी तकनीकी गड़बड़ी सामने आई है। योजना के तहत दंपतियों को संयुक्त रूप से यात्रा कराई जानी थी, लेकिन लॉटरी में केवल पति या पत्नी में से एक का ही नाम सामने आया।
ऐसे कई मामले उजागर हुए हैं, जिनमें किसी का नाम लॉटरी में आया तो उसके जीवनसाथी का नाम सूची से गायब था। उदयपुर निवासी सीताराम कुमावत और उनकी पत्नी संतोष देवी ने संयुक्त आवेदन किया था, लेकिन लॉटरी में केवल एक का चयन हुआ। इसी तरह की शिकायतें अन्य जिलों से भी मिल रही हैं। शिकायतों के बाद देवस्थान विभाग ने इसे गंभीरता से लेते हुए कहा कि यह तकनीकी त्रुटि के कारण हुआ है।
विभाग के सहायक आयुक्त जतिन गांधी ने बताया कि सभी शिकायतों की जांच की जा रही है और शीघ्र समाधान निकाला जाएगा। उन्होंने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों के हित में उचित कदम उठाए जाएंगे ताकि किसी को यात्रा में असुविधा या मानसिक तनाव का सामना न करना पड़े।
