272 भूखंड घोटाले में लिप्त अफसरों की उड़ी नींद: विधायक जैन
Share
बोले—दिसंबर तक चालान पेश करेगी SOG
आयड़ बनेगी ट्यूरिस्ट प्वाइंट, जल्द शुरू होंगे सुंदर चौराहों और एलिवेटेड रोड के काम
उदयपुर, 12 अक्टूबर: शहर विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि नगर निगम के 272 भूखंड घोटाले में फंसे अफसरों की नींद उड़ी हुई है। कुछ अधिकारियों ने अदालत से जमानत ले ली है, लेकिन एसओजी लगातार कार्रवाई में जुटी है और संभावना है कि दिसंबर तक चालान पेश कर दिया जाएगा।
जैन ने रविवार को पार्टी कार्यालय में पत्रकारों से कहा कि कुछ अधिकारी पूरी ताकत से खुद को बचाने में लगे हैं, पर उनकी जमानत खारिज कराने के प्रयास जारी हैं। जमानत खारिज होते ही एसओजी गिरफ्तारी की कार्रवाई शुरू करेगी।
अवैध निर्माण पर बोले—स्टाफ की कमी है
अवैध कब्जे, अतिक्रमण और अवैध निर्माणों पर अंकुश नहीं लगने के सवाल पर जैन ने कहा कि वे खुद भी चाहते हैं कि अवैध काम रुके, लेकिन संबंधित विभागों में स्टाफ की भारी कमी है। उन्होंने व्यंग्यात्मक अंदाज में कहा, “अधिकारी साल के 365 दिन में से मुश्किल से डेढ़ सौ दिन ही काम करते हैं।”
आयड़ नदी बनेगी ट्यूरिस्ट प्वाइंट
आयड़ नदी परियोजना पर उठे सवालों के जवाब में विधायक जैन ने कहा कि हालिया पानी के बहाव में एक भी टाइल नहीं हिली। कुछ जगह वायर फेंसिंग जरूर टूटी है, जिसे जल्द ठीक किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पहले जहां गंदा नाला था, अब आयड़ ‘मिनी वेनिस’ जैसी खूबसूरत जगह बन चुकी है। आने वाले दिनों में यह ट्यूरिस्ट प्वाइंट के रूप में विकसित होगी। एनजीटी के आदेशों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि नदी के प्राकृतिक बहाव में छेड़छाड़ नहीं की जा सकती, लेकिन परियोजना से शहर की सुंदरता बढ़ी है।
आरके सर्कल पर दुकानों की सीलिंग में जल्दबाजी
यूडीए द्वारा आरके सर्कल पर अवैध दुकानों को सील किए जाने पर जैन ने कहा कि दीवाली से ठीक पहले की गई यह कार्रवाई जल्दबाजी में हुई। हालांकि यह कार्रवाई यूडीएच मंत्री झाबरसिंह खर्रा के आदेश पर हुई और भाजपा की इसमें कोई भूमिका नहीं है।
शहर सेवा शिविर से मिली राहत
सरकार की ओर से आयोजित शहर सेवा शिविरों में बड़ी संख्या में समस्याओं का समाधान हुआ। जैन ने बताया कि दीवाली के बाद ऑनलाइन पट्टे जारी होने लगेंगे। प्रधानमंत्री द्वारा 42 हजार करोड़ की कृषि परियोजनाएं स्वीकृत करने से राजस्थान के 8 जिले लाभांवित होंगे।
नए चौराहे और एलिवेटेड रोड से बदलेगा शहर का चेहरा
विधायक जैन ने बताया कि शोभागपुरा 100 फीट रोड और ठोकर चौराहा पर सुंदर चौराहे बनाए जा रहे हैं। एलिवेटेड रोड जनवरी 2027 से पहले पूरा होगा जिससे यातायात में बड़ी राहत मिलेगी। नेहरू हॉस्टल रोड, चेटक चौक चौड़ीकरण और समोर बाग मार्ग विस्तार के काम भी दीवाली के बाद शुरू होंगे।
रात्रिकालीन बाजार और ऑटो चालक वर्दी शीघ्र
भाजपा शहर जिला मीडिया प्रभारी डॉ. सीमा चंपावत ने बताया कि विधायक ताराचंद जैन ने कहा कि ट्रैफिक सुधार के लिए ऑटो चालकों के लिए ड्रेस कोड अनिवार्य करने और ‘नो पार्किंग’क्षेत्रों से वाहन हटाने के लिए दो क्रेन देने का प्रस्ताव है। पर्यटन की दृष्टि से रात्रिकालीन बाजार की स्थापना और समोर बाग से हरिदास जी की मगरी तक रिंग रोड निर्माण कार्य भी प्रस्तावित है।
