चित्तौड़गढ़ में 70 साल की महिला से ठगी करने वाला गिरफ्तार
Share
नीमच रेलवे स्टेशन से पकड़ा आरोपी, सोने के गहने बरामद
चित्तौड़गढ़, 14 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): चित्तौड़गढ़ के सांवलिया जी हॉस्पिटल में 70 वर्षीय महिला से ठगी करने वाले युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी को नीमच रेलवे स्टेशन से दबोचा गया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी गए सोने के गहने भी बरामद किए हैं। मामला सदर थाना क्षेत्र का है।
हिंदू-मुस्लिम झगड़े का डर दिखाकर ठगे गहने
थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह ने बताया कि कमलाबाई पत्नी मोतीलाल कीर (70) इलाज के लिए सांवलिया जी हॉस्पिटल गई थीं। वहां एक युवक उनसे बातचीत करने लगा और कुछ देर बाद बाहर बुलाकर कहा कि कपासन चौराहे पर हिंदू-मुस्लिम झगड़ा हो गया है। उसने डराते हुए कहा कि अपने सोने के गहने थैले में रख लो, वरना नुकसान हो सकता है। महिला ने भरोसा कर गहने थैले में रख दिए, लेकिन आरोपी मौका पाकर गहने लेकर फरार हो गया। महिला ने तुरंत सदर थाना में रिपोर्ट दर्ज कराई।
CCTV फुटेज से आरोपी तक पहुंची पुलिस
जांच के दौरान पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और आरोपी की पहचान की। लगातार तलाश के बाद टीम ने आरोपी को नीमच रेलवे स्टेशन से गिरफ्तार कर लिया। उसकी पहचान शंभूलाल पुत्र भंवरलाल कीर (28), निवासी नैनपुरिया, थाना नाथद्वारा, जिला राजसमंद के रूप में हुई। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी हुए सोने के टॉप्स और मादलिया बरामद किए हैं।
SP ने बनाई विशेष टीम, पूछताछ जारी
SP मनीष त्रिपाठी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए विशेष टीम गठित की थी। DSP विनय कुमार चौधरी और थानाधिकारी निरंजन प्रताप सिंह के निर्देशन में टीम ने आरोपी को पकड़ा। पुलिस अब आरोपी के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच कर रही है और यह पता लगा रही है कि वह किसी गिरोह से जुड़ा है या नहीं।
