LOADING

Type to search

सरकारी स्कूल में कुआं खुदाई के लिए ब्लास्ट, मचा हड़कंप

Local

सरकारी स्कूल में कुआं खुदाई के लिए ब्लास्ट, मचा हड़कंप

Share

बिना अनुमति खुदाई, बाउंड्री वॉल तोड़कर मशीनें पहुंचाई गईं; विभागीय कार्रवाई के निर्देश
बांसवाड़ा, 14 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
बांसवाड़ा जिले के जानावरी राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय में कुआं खोदने के लिए सोमवार को बारूदी धमाका किए जाने से हड़कंप मच गया। धमाके की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण और आंगनबाड़ी केंद्र में मौजूद लोग दहशत में आ गए। ग्रामीणों ने इसे बच्चों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बताते हुए विरोध शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर पुलिस और शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और खुदाई का कार्य तुरंत रुकवाया। जांच में सामने आया कि स्कूल परिसर में बिना उच्चाधिकारियों की अनुमति और सुरक्षा मानकों की जांच के कुआं खुदाई शुरू की गई थी।
प्रस्ताव के नाम पर शुरू हुआ काम
प्रधानाध्यापक अंजना जोशी ने 29 जनवरी को स्कूल प्रबंधन समिति (SMC) की बैठक में सरपंच, वार्ड पंच और जलदाय विभाग के एईएन की मौजूदगी में टंकी और कुआं निर्माण का प्रस्ताव पास करवाया था। इसी प्रस्ताव के आधार पर 8 अक्टूबर को स्कूल की बाउंड्री वॉल तोड़कर दो मशीनें परिसर में लाई गईं और खुदाई शुरू कर दी गई।
धमाके से ग्रामीणों में आक्रोश
ग्रामीणों ने बताया कि धमाके के समय बच्चे स्कूल के आसपास खेल रहे थे, जिससे बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने कहा कि बिना अनुमति किए जा रहे इस कार्य से बच्चों की जान खतरे में पड़ सकती थी।
शिक्षा विभाग करेगा कार्रवाई
जिला शिक्षा अधिकारी (प्रारंभिक) शफक अंजुम ने बताया कि बिना अनुमति कुआं खुदवाना गंभीर गलती है। इसमें स्टाफ की बड़ी लापरवाही है और जिम्मेदारों पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी। अतिरिक्त जिला शिक्षा अधिकारी दलसिंह आमलियार ने कहा कि स्कूल परिसर में दो गहरे कुएं खुदवाना छात्रों की सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत गंभीर विषय है।
प्रधानाध्यापक की तबीयत बिगड़ी
प्रधानाध्यापक अंजना जोशी के बेटे वैभव ने बताया कि इस घटनाक्रम के बाद उनकी मां का शुगर लेवल बढ़ गया है और वे अस्वस्थ हैं। वहीं, पुलिस ने बताया कि ग्रामीणों के विरोध के बाद खुदाई का कार्य तत्काल रोक दिया गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *