पुराने आरटीओ के समीप मीरा नगर में तेंदुए की दस्तक, कॉलोनीवासी भयभीत
Share
उदयपुर, 15 अक्टूबर: शहर के पुराने आरटीओ क्षेत्र स्थित मीरा नगर-2 कॉलोनी में बीती रात करीब 11 बजे एक तेंदुआ देखा गया। कॉलोनी निवासी चंद्रशेखर सुखवाल ने बाहर लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज में तेंदुए का मूवमेंट दर्ज किया। फुटेज में तेंदुआ एक बार कॉलोनी के कुत्तों का पीछा करता और झपट्टा मारता दिखाई दिया, जबकि कुत्ता बच निकलने में सफल रहा। बाद में तेंदुआ कॉलोनी से बाहर की ओर भाग गया। कॉलोनी में करीब 25 घर हैं और कई मकान निर्माणाधीन हैं। तेंदुए के दिखने से स्थानीय लोग भयभीत हैं और सुरक्षा की दृष्टि से सतर्क हो गए हैं। सुखवाल ने बताया कि कॉलोनी में आमतौर पर कुत्तों का शोर नहीं होता, लेकिन रात में उनकी आवाज बढ़ने पर उन्होंने सीसीटीवी देखा। हालांकि कॉलोनी के पास कोई जंगल नहीं है, लेकिन थोड़ी दूरी पर पहाड़ियां हैं। विशेषज्ञों का अनुमान है कि तेंदुआ वहां से कॉलोनी में आया होगा। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा उपायों के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
