LOADING

Type to search

रंग लाया महिलाओं की अगुवाई में पांच घंटे का आंदोलन

Local

रंग लाया महिलाओं की अगुवाई में पांच घंटे का आंदोलन

Share

देलवाड़ा को मिला रोडवेज सेवा की बहाली का भरोसा
आंदोलन के दबाव में प्रशासन और रोडवेज प्रबंधन झुका
लिखित समझौते के बाद ग्रामीणों ने खत्म किया चक्का जाम

देलवाड़ा, 16 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क) : आठ साल से रोडवेज सेवाओं से वंचित देलवाड़ा कस्बे के लोगों ने गुरुवार को अपने हक़ की लड़ाई ऐसी मजबूती से लड़ी कि आखिरकार पांच घंटे के संघर्ष के बाद समाधान निकल आया। महिलाओं की अगुवाई में हुआ यह ऐतिहासिक आंदोलन न सिर्फ़ कस्बे को नई उम्मीद दे गया, बल्कि ग्रामीण एकता की मिसाल भी बन गया।
सुबह आठ बजे कस्बे के व्यापारियों ने अपने प्रतिष्ठान बंद रख आंदोलन का समर्थन किया। सैकड़ों महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों ने रैली निकाली और मजेरा चौराहे पर एकत्र होकर राजमार्ग से गुजर रही रोडवेज बसों को रोक दिया। देखते ही देखते पूरा राजमार्ग बंद हो गया और “रोडवेज सेवा बहाल करो” के नारों से क्षेत्र गूंज उठा।
आंदोलन की सूचना पर वृत निरीक्षक कमलेन्द्र सिंह सोलंकी, तहसीलदार सुरेश नाहर, नायब तहसीलदार रवीन्द्र श्रीमाली सहित प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और समझाइश का प्रयास किया। किंतु ग्रामीणों ने स्पष्ट कहा कि जब तक रोडवेज अधिकारी मौके पर आकर स्थायी समाधान का लिखित आश्वासन नहीं देंगे, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
करीब पांच घंटे तक चले चक्का जाम के बाद स्थिति गंभीर होती देख उपखण्ड अधिकारी रक्षा पारीक भी मौके पर पहुंचीं। इसके बाद राजसमंद, उदयपुर और भीलवाड़ा आगार के अधिकारी मजेरा चौराहे पर पहुंचे और संघर्ष समिति के साथ वार्ता शुरू हुई।
लंबी बातचीत के बाद रोडवेज के सहायक संभाग प्रबंधक विष्णु वर्मा, राजसमंद यातायात प्रबंधक कृष्ण गोपाल सिंह, संचालन प्रबंधक सुरेश झंवर और भीलवाड़ा आगार के यातायात प्रबंधक अशोक की मौजूदगी में समझौता हुआ। समझौते के अनुसार तीनों आगारों की सेवाओं में ‘वाया देलवाड़ा’अंकित किया जाएगा। साधारण बसों का ठहराव अनंता स्टैंड से हटाकर देलवाड़ा बस स्टैंड पर होगा। बस स्टैंड पर एक निगम कर्मी की नियुक्ति होगी। लॉकशीट पर देलवाड़ा अंकित किया जाएगा। रात्रिकालीन सेवाओं का संचालन किया जाएगा और यात्रियों या महिलाओं के साथ दुर्व्यवहार पर संबंधित कर्मियों को जिम्मेदार माना जाएगा।
यह समझौता प्रतिनिधिमंडल में शामिल संघर्ष समिति अध्यक्ष राजेश औदिच्य, संरक्षक महावीर प्रसाद शर्मा और प्रशासक मांगीलाल कटारिया के समक्ष हुआ। समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद आंदोलनकारियों ने जाम खोल दिया और सभी रोकी गई रोडवेज बसों को रवाना किया।
धरने के दौरान देलवाड़ा उपप्रधान रामेश्वर लाल खटीक, भाजपा मंडल अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राणावत, उपसरपंच प्रदीप पालीवाल, पूर्व पंचायत समिति सदस्य संगीता सोनी, महिला नेत्री माया यादव, बिलकीश बानू, गुड्डी वैष्णव, भैरूलाल खटीक, एडवोकेट भूपेंद्र यादव, गिरीराज भाटी, नटराज सिंह झाला सहित बड़ी संख्या में महिलाएं और ग्रामीण मौजूद रहे।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *