अरनोद में थाने से 500 मीटर दूर मंदिर में चोरी
Share
चोर चांदी के दो छत्र ले उड़े, अब तक 12 बार हो चुकी वारदातें बेनकाब
प्रतापगढ़, 17 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): अरनोद कस्बे में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रहीं। गुरुवार रात थाना परिसर से महज 500 मीटर दूरी पर स्थित प्रतापगढ़ रोड के बालाजी मंदिर से चोर चांदी के दो छत्र चुरा ले गए। चोरों ने मंदिर के दान पात्र और लोहे की पेटी तोड़ने की कोशिश भी की, लेकिन सफल नहीं हो पाए।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मंदिर में अब तक 10 से 12 बार चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन पुलिस एक भी मामले का खुलासा नहीं कर सकी है। करीब पांच महीने पहले भी इसी मंदिर में चोरी हुई थी, तब चोरों ने दान पात्र तोड़कर नकदी और सीसीटीवी डीवीआर चोरी कर लिए थे।
पिछले कुछ महीनों में कस्बे में चोरी की कई बड़ी घटनाएं हुई हैं। चार महीने पहले नई आबादी क्षेत्र के एक मकान से 22 लाख रुपए की चोरी हुई थी, जिसका अब तक कोई सुराग नहीं मिला। इसके अलावा सालमगढ़ और सिंगपुरिया माताजी मंदिरों में भी तोड़फोड़ की घटनाएं हुई थीं। लगातार बढ़ती चोरियों और मोटरसाइकिल चोरी के मामलों से क्षेत्र के लोग दहशत में हैं। वहीं, पुलिस की नाकामी पर सवाल उठ रहे हैं कि थाने के पास भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं धार्मिक स्थल।
