जनाना अस्पताल में बच्चों की अदला-बदली प्रकरण सुलझा
Share
जांच में हुई दोनों प्रसूताओं की पहचान, लापरवाही पर बनेगी जांच कमेटी
उदयपुर, 23 अक्टूबर: जनाना अस्पताल में बुधवार को हुए दो नवजात शिशुओं की अदला-बदली प्रकरण का गुरुवार को समाधान हो गया। अस्पताल प्रशासन ने गहन जांच के बाद दोनों शिशुओं और उनकी माताओं की पहचान की पुष्टि कर दी। एमबी हॉस्पिटल अधीक्षक डॉ. आर.एल. सुमन ने बताया कि जांच में मिले तथ्यों के आधार पर दोनों परिवारों को उनके अपने नवजात सौंप दिए गए।
डॉ. सुमन के अनुसार पहचान के लिए ब्लड ग्रुप, सोनोग्राफी रिपोर्ट, जन्म की तारीख और समय सहित कई पहलुओं की गहराई से जांच की गई। इसके बाद मीरा नगर निवासी अनिता रावत को बेटी और चित्तौड़गढ़ निवासी रामेश्वरी सोनी को बेटा सुपुर्द किया गया। दोनों परिवार इस निर्णय से संतुष्ट हो गए हैं।
हालांकि डॉ. सुमन ने बताया कि मामले की डीएनए जांच रिपोर्ट 15 दिन बाद आएगी। परिवार चाहें तो रिपोर्ट आने तक इंतजार कर सकते हैं। वहीं आरएनटी मेडिकल कॉलेज प्रिंसिपल डॉ. विपिन माथुर ने इस गंभीर गफलत की जांच के लिए एक विशेष कमेटी गठित की है, जो यह पता लगाएगी कि अस्पताल में ऐसी चूक कैसे हुई।
बुधवार को दो महिलाओं की डिलीवरी के दौरान यह गड़बड़ी हुई थी। आधे घंटे के अंतराल में दोनों ने शिशु जन्म दिया था, लेकिन अस्पताल स्टाफ ने गलती से नवजातों की अदला-बदली कर दी। बाद में जब डॉक्टरों ने त्रुटि पकड़ी, तो परिजन हंगामा करने लगे और मामले ने तनावपूर्ण रूप ले लिया। स्थिति को संभालने के लिए हाथीपोल थाना पुलिस को मौके पर बुलाया गया था।
