हादसे में बेटे की मौत, पिता खुद ले गया अस्पताल
Share
दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में तीन युवकों की मौत, दो गंभीर घायल
बांसवाड़ा, 23 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): सदर थाना क्षेत्र के भगतपुरा गांव के पास बुधवार रात हुए दर्दनाक सड़क हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा रात करीब 9:30 बजे पेट्रोल पंप के सामने दो तेज रफ्तार बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत से हुआ। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर पहुंचकर घायलों को बचाने में जुट गए।
इसी दौरान स्थानीय निवासी जेफरीन (40) भी मदद के लिए पहुंचे। उन्होंने समाजसेवी हरिश्चंद्र कलाल के साथ मिलकर घायलों को अस्पताल पहुंचाने में मदद की। यहां तक कि उन्होंने एम्बुलेंस से लहूलुहान शवों को भी खुद उतारा। लेकिन जेफरीन को इस बात का अंदाजा नहीं था कि इस भीषण हादसे में उनका 17 वर्षीय बेटा ऐरोन भी शामिल था और उसकी मौत हो चुकी है।
घर पहुंचने पर जब उन्हें बेटे की मौत की जानकारी मिली, तो वे सदमे में आ गए। ऐरोन 11वीं कक्षा का छात्र था और उसका घर घटनास्थल से मात्र 100 मीटर की दूरी पर है। जेफरीन एम्बुलेंस ड्राइवर हैं और संविदा कर्मचारी के रूप में कार्यरत हैं।
हादसे में ऐरोन, पलोदरा निवासी रमेश कटारा (30) पुत्र कोदर कटारा और खोमा चरपोटा (32) पुत्र बबला चरपोटा की मौके पर ही मौत हो गई। रमेश कृषि विज्ञान केंद्र, बोरवट में एलडीसी के पद पर कार्यरत था, जबकि खोमा खेती-बाड़ी करता था। वहीं, सेनावासा निवासी वीरेंद्र प्रजापत (25) और पलोदरा निवासी रामा दायमा (30) गंभीर रूप से घायल हुए, जिन्हें एमजी अस्पताल से उदयपुर रेफर किया गया।
सदर थाने के सीआई बुधाराम बिश्नोई ने बताया कि हादसा इतना भीषण था कि दोनों बाइकें पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
