सड़क हादसे में युवक की मौत के बाद बवाल: भीड़ ने किया पथराव, करनी पड़ी हवाई फायरिंग
Share
गोगुंदा क्षेत्र में ग्रामीणों ने हाईवे जाम कर मुआवजे की उठाई मांग, पुलिस बल तैनात
उदयपुर, 23 अक्टूबर: जिले के गोगुंदा क्षेत्र के सादड़ा गांव के पास बरवाड़ा हाईवे 162 टी पर गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके में तनाव फैला दिया। तेज रफ्तार कार की टक्कर से कठार निवासी मजदूर अंबालाल गमेती की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने शव को सड़क से हटाने से मना कर दिया और सरकारी मुआवजे की मांग को लेकर आठ घंटे से अधिक समय तक हाईवे जाम रखा।
हादसे के कारण कुंभलगढ़ और हल्दीघाटी जाने वाले पर्यटकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थिति बिगड़ने पर सायरा, गोगुंदा और केलवाड़ा थानों से भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। लेकिन गुस्साई भीड़ ने पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया, जिसमें आधा दर्जन वाहनों के शीशे टूट गए। ग्रामीण पहाड़ी इलाकों से भी लगातार पत्थर फेंकते रहे, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई।
हालात बेकाबू होते देख पुलिस को हवाई फायरिंग कर भीड़ को तितर-बितर करना पड़ा। इस झड़प में 7-8 पुलिसकर्मी घायल हो गए। इनमें एएसआई भंवर सिंह (सिर में गंभीर चोट), कांस्टेबल राकेश मीणा और महिला कांस्टेबल भावना डांगी शामिल हैं। सभी को तुरंत गोगुंदा अस्पताल पहुंचाया गया। गिर्वा वृत्ताधिकारी सूर्यवीर सिंह ने बताया कि इस मामले में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने आरोपियों में से 12 लोगों को डिटेन किया है। साथ घटना में शामिल आरोपियों 50 मोटरसाइकिल भी जब्त की हैं।
