प्रभु द्वारकाधीश जी के दर्शन को पहुँचे डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़
Share
उदयपुर, 23 अक्टूबर: मेवाड़ पूर्व राजपरिवार के सदस्य डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने दीपावली के पंचदिवसीय महापर्व के पावन अवसर पर कांकरोली स्थित प्रभु श्री द्वारकाधीश मंदिर और मेदपाट कुलगुरु गोस्वामी डॉ. वागीशकुमारजी महाराजश्री से आशीर्वाद प्राप्त किया।
डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने गद्दी पर बैठने के बाद पहली दीपावली मनाने और प्राचीन परंपरा का निर्वहन करने के लिए मंदिर का दौरा किया। मंदिर परंपरा के अनुसार तृतीयपीठ युवराज गोस्वामी वेदांत कुमार जी ने उनकी अगुवानी की। गोवर्धन चौक में मंदिर बैंड की सुमधुर ध्वनि के बीच सुरक्षा गार्ड्स की ओर से गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया।
बैठक स्थल पहुँचकर डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने कुलगुरु गोस्वामी डॉ. वागीशकुमारजी महाराजश्री को दण्डवत प्रणाम किया और आशीर्वाद प्राप्त किया। कुलगुरु के साथ मंदिर पहुँचकर प्रभु श्री द्वारकाधीश के राजभोग झांकी के दर्शन किए और सभी मुख्य मंदिरों में धोक लगाकर भेंट अर्पित की।
इसके बाद जनाना हॉल में मेवाड़ी परंपरा के अनुसार कुलगुरु ने परिवार को पुष्पमाला, वस्त्र, मिष्ठान, फल और मेवे देकर आशीर्वाद दिया। मंदिर परंपरा अनुसार महाराजश्री ने डॉ. लक्ष्यराज सिंह को रजाई ओढ़ाकर समाधान किया। युवराज गोस्वामी वेदांत कुमार जी ने पान, बीड़ा और प्रसाद भेंट कर कार्यक्रम संपन्न कराया। इस अवसर पर मंदिर परिसर में भक्तों और राजपरिवार के सदस्यों ने भी भाग लिया, जिन्होंने आध्यात्मिक एवं पारंपरिक महत्ता के साथ दीपावली महापर्व का आनंद लिया।
