LOADING

Type to search

झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से महिला की मौत

Local

झोलाछाप डॉक्टर के इंजेक्शन से महिला की मौत

Share

क्लिनिक सील, आरोपी फरार; गिरफ्तारी की मांग पर परिजनों ने किया हंगामा
बांसवाड़ा, 24 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क):
बांसवाड़ा-दाहोद मार्ग पर एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा लगाए गए इंजेक्शन से महिला की मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया। शुक्रवार को उन्होंने थाने के बाहर हंगामा करते हुए आरोपी की गिरफ्तारी की मांग की। पुलिस ने क्लिनिक को सील कर दिया, जबकि आरोपी डॉक्टर फरार है।
सीआई देवीलाल मीणा ने बताया कि परिजनों की शिकायत पर गलत इंजेक्शन लगाने का मामला दर्ज किया गया है। सावधानी के तौर पर नीलम नगर स्थित क्लिनिक को सील कर दिया गया है। आरोपी डॉक्टर अनिल यादव घटना के बाद से फरार है। पुलिस ने बताया कि उसे जल्द गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
घटना गुरुवार शाम की है, जब राज तालाब थाना क्षेत्र के सुभाष नगर निवासी शांति (28) को सर्दी-जुकाम की शिकायत पर परिजन नीलम नगर स्थित क्लिनिक पर ले गए थे। वहां डॉक्टर ने इंजेक्शन लगाया, जिसके बाद शांति की तबीयत अचानक बिगड़ गई। डॉक्टर ने परिजनों को तुरंत अस्पताल ले जाने को कहा, लेकिन महात्मा गांधी अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत हो गई।
मौत के बाद परिजन रातभर आरोपी की गिरफ्तारी की मांग करते रहे। शुक्रवार सुबह भी उन्होंने थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की समझाइश के बाद परिजन पोस्टमॉर्टम के लिए तैयार हुए। दोपहर में शव परिजनों को सौंप दिया गया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *