LOADING

Type to search

दूषित पानी से युवती की मौत!

Local

दूषित पानी से युवती की मौत!

Share

फैक्ट्री के बाहर शव रखकर प्रदर्शन, ग्रामीणों ने उपखंड अधिकारी को बोतल देकर ‘पीकर दिखाने’ को कहा
मावली, 26 अक्टूबर(विजन 360 न्यूज डेस्क): जिले के मावली क्षेत्र में 19 वर्षीय युवती सोनू कंवर की दूषित पानी पीने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। आक्रोशित ग्रामीणों ने युवती का शव लेकर सीधे फतहनगर थाना क्षेत्र के लदाना गांव स्थित यूएस अमीनो प्रा.लि. कंपनी के बाहर धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।
SDM को घेरा, पानी पीने से किया इनकार
मृतका के परिवार और ग्रामीणों ने फैक्ट्री पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इससे निकलने वाले केमिकल युक्त दूषित पानी के कारण सोनू कंवर की मौत हुई है। उनका आरोप है कि यह केमिकल आसपास के कुओं में मिल रहा है, जिससे किसान सिंचाई करने और ग्रामीण पीने का पानी लेने को मजबूर हैं। धरना स्थल पर पहुंचे मावली एसडीएम रमेश सिरवी को ग्रामीणों ने घेर लिया और बोतल में भरा हुआ वही पीला, केमिकल जैसा दिखने वाला दूषित पानी उन्हें पीने के लिए दिया। एसडीएम ने यह पानी पीने से इनकार कर दिया।
प्रशासन की लापरवाही पर फूटा गुस्सा
मृतका के मामा दिलीप सिंह ने बताया कि कल शाम पानी पीने के बाद सोनू को सांस लेने में तकलीफ हुई। अस्पताल ले जाने के बावजूद रात भर उसकी हालत बिगड़ी और सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने पहले भी दूषित पानी की शिकायत की थी, जिस पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।
ग्रामीणों ने एसडीएम से सीधा सवाल किया कि प्रदूषण फैलाने वाली फैक्ट्री को अब तक बंद क्यों नहीं किया गया। जब एसडीएम ने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण विभाग ने उन्हें फैक्ट्री बंद होने की जानकारी दी है, तो ग्रामीणों का गुस्सा भड़क उठा और उन्होंने विभाग पर झूठ बोलने का आरोप लगाया। ग्रामीण फैक्ट्री को तत्काल सील करने की मांग पर अड़े हुए हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *