डूंगरपुर में सहायक इंजीनियर का शव फंदे पर लटका मिला
Share
किराए के घर में मिली लाश, अलवर से पहुंचे परिजन; पुलिस जांच में जुटी
डूंगरपुर, 26 अक्टूबर(विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर शहर के हरि ओम स्ट्रीट स्थित एक किराए के मकान में रेलवे प्रोजेक्ट से जुड़ी कंपनी के सहायक इंजीनियर का शव फांसी के फंदे पर लटका मिला। युवक की पहचान राजेश कुमार (25) पुत्र भुल्याराम बैरवा निवासी खरवंडी चोरड़, थाना राजगढ़, जिला अलवर के रूप में हुई है। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
कोतवाली थाना पुलिस के अनुसार राजेश कुमार एलएलसी कंपनी में सहायक इंजीनियर के पद पर कार्यरत था और डेढ़ महीने पहले ही डूंगरपुर में उसकी नियुक्ति हुई थी। वह हरि ओम स्ट्रीट में किराए के मकान में अकेला रहता था। दिवाली पर वह अपने घर अलवर गया था और दो दिन पहले ही वापस लौटा था।
परिवार से उसकी अंतिम बातचीत के बाद फोन बंद आने लगा। शनिवार शाम मकान मालिक ने कमरे से कोई हलचल न होने पर झांका तो राजेश पंखे की कुंडी से लटका मिला। सूचना पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया। रविवार को परिजनों के आने के बाद पोस्टमॉर्टम कर शव सुपुर्द किया गया। फिलहाल पुलिस आत्महत्या के कारणों की जांच कर रही है।
