फाइनेंस कंपनी में 9.21 लाख रुपए की धोखाधड़ी
Share
पूर्व ब्रांच मैनेजर और दो लोन अधिकारी गिरफ्तार
प्रतापगढ़, 27 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): छोटीसादड़ी पुलिस ने स्पंदना स्फूर्ति फाइनेंशियल कंपनी में 9.21 लाख रुपए के गबन और धोखाधड़ी का खुलासा किया है। इस मामले में कंपनी के पूर्व ब्रांच मैनेजर प्रहलाद सिंह राजपूत और दो लोन अधिकारी प्रवीण कलाल और जीवन जाट को गिरफ्तार किया गया।
पुलिस अधीक्षक बी. आदित्य के अनुसार 4 मार्च 2025 को कंपनी के वर्तमान ब्रांच मैनेजर बलराम व्यास ने शिकायत दर्ज कराई थी। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने पुराने लोनधारकों के नाम और रिकॉर्ड का गलत फायदा उठाकर फर्जी आधार कार्ड और पासबुक तैयार की। इन दस्तावेजों के आधार पर वे नए लोन स्वीकृत करवाते और राशि को मिलते-जुलते खातों में ट्रांसफर कर लेते थे। इसके बाद लोन की किस्तें वसूल कर कंपनी में जमा करने की बजाय अपने पास रखी जाती थीं।
जांच में पता चला कि प्रहलाद सिंह ने 7 लाख रुपए, प्रवीण कलाल 1.41 लाख रुपए और जीवन जाट 6,720 रुपए का गबन किया। कुल मिलाकर 9,21,907 रुपए की धोखाधड़ी हुई। पुलिस ने गुप्त सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर तीनों को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही कंपनी के अन्य खातों की जांच जारी है और आशंका जताई जा रही है कि गबन की राशि इससे अधिक हो सकती है।
