डूंगरपुर में छठ मईया के गीतों से गूंजी गेपसागर पाल
Share
उगते सूर्य को अर्घ्य अर्पित कर महिलाओं ने मांगी परिवार की सुख-समृद्धि
डूंगरपुर, 28 अक्टूबर (विजन 360 न्यूज डेस्क): डूंगरपुर में मंगलवार सुबह छठ महापर्व का समापन उगते सूर्य को अर्घ्य देने के साथ हुआ। गेपसागर की पाल पर सुबह तड़के से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। व्रतधारी महिलाएं पारंपरिक वेशभूषा में पूजा की थाल लिए पहुंचीं और भगवान सूर्य की उपासना करते हुए “जय छठी मईया” के जयकारों से वातावरण भक्तिमय बना दिया।
दीपों से जगमगाई गेपसागर पाल
सूर्योदय से पहले ही पाल श्रद्धालुओं से भर गई। महिलाओं और पुरुषों ने नारियल, फल और प्रसाद से अर्घ्य अर्पित कर परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना की। दीपों की रोशनी और ठंडी हवाओं के बीच पूरा क्षेत्र आस्था के रंग में रंगा दिखा।
उत्सव और भक्ति का संगम
बिहार व उत्तर प्रदेश से आए परिवारों ने अपने पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ दो दिनों तक छठ महापर्व मनाया। सोमवार को डूबते सूर्य और मंगलवार को उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत पूर्ण किया गया। निर्जला उपवास रखने वाले श्रद्धालुओं ने पूजा के बाद एक-दूसरे को पर्व की शुभकामनाएं दीं।
