एमपीयूएटी का 26वां स्थापना दिवस 1 नवम्बर को भव्य समारोह के साथ मनाया जाएगा
Share
अभी तक के सभी कुलगुरु कार्यक्रम में रहेंगे उपस्थित
उदयपुर, 29 अक्टूबर: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय (एमपीयूएटी), उदयपुर का 26वां स्थापना दिवस 1 नवम्बर शनिवार को भव्य समारोह के साथ मनाया जाएगा। राजस्थान कृषि महाविद्यालय के नूतन सभागार में प्रातः 11 बजे कार्यक्रम शुरू होगा। मुख्य अतिथि कोटा विश्वविद्यालय के कुलगुरु एवं सुखाड़िया विश्वविद्यालय के कार्यवाहक कुलगुरु डॉ. भगवती प्रसाद सारस्वत होंगे। विशिष्ट अतिथि के रूप में एमपीयूएटी के पूर्व कुलगुरु डॉ. वी.वी. सिंह, डॉ. एस.एल. मेहता, डॉ. यू.एस. शर्मा, डॉ. एन.एस. राठौड़ और डॉ. अजीत कुमार कर्नाटक उपस्थित रहेंगे। समारोह की अध्यक्षता एमपीयूएटी के नवनियुक्त कुलगुरु डॉ. प्रताप सिंह करेंगे।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि द्वारा वीर शिरोमणि महाराणा प्रताप एवं डॉ. ए. राठौड़ की प्रतिमाओं पर पुष्पांजलि अर्पित की जाएगी। इसके अलावा व्याख्यान, प्रमुख शिक्षण प्रस्तुतियाँ और विश्वविद्यालय की अनुसंधान व विस्तार उपलब्धियों से जुड़े प्रकाशनों का विमोचन भी होगा। विश्वविद्यालय के वरिष्ठ अधिकारी, सभी डीन-डायरेक्टर, पूर्व प्रोफेसर और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं कार्यक्रम में भाग लेंगे।
एमपीयूएटी की स्थापना 1 नवम्बर 1999 को राजस्थान कृषि विश्वविद्यालय, बीकानेर के विभाजन के माध्यम से हुई थी। विश्वविद्यालय के अधिकार क्षेत्र में घटक कॉलेज, कृषि अनुसंधान केंद्र, पशुधन अनुसंधान केंद्र, बारानी कृषि अनुसंधान केंद्र और कृषि विज्ञान केंद्र शामिल हैं। यह दक्षिणी राजस्थान के जनजातीय क्षेत्रों में कृषि शिक्षा, अनुसंधान और विस्तार को नई दिशा प्रदान करता है। विश्वविद्यालय का उद्देश्य कृषि शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में नवाचार और विकास को गति देना है।
