नीरजा मोदी की टीम रही प्रथम
Share
हिरल शर्मा एवं प्रियांश महादेववाला जोनल स्तर पर करेंगे राजस्थान का प्रतिनिधित्व
वाइल्ड विजडम ग्लोबल चैलेंज में 15 हजार विद्यार्थियों ने लिया भाग
उदयपुर, 30 अक्टूबर: डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया द्वारा आयोजित 18वें वाइल्ड विजडम ग्लोबल चैलेंज का राजस्थान राज्य स्तरीय कार्यक्रम उदयपुर के नीरजा मोदी स्कूल में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राज्य के विभिन्न शहरों से लगभग 15,000 विद्यार्थियों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया। राज्य स्तर पर चयनित टीमों ने लिखित क्विज और प्रतियोगिता के अन्य चरणों को पार करते हुए अंतिम मुकाबला किया।
राज्य स्तरीय प्रतियोगिता में नीरजा मोदी स्कूल उदयपुर की टीम (हिरल शर्मा और प्रियांश महादेववाला) ने पहला स्थान प्राप्त किया और जोनल स्तर पर राजस्थान का प्रतिनिधित्व करेगी। दूसरे स्थान पर सेंट एंथोनी सीनियर सेकेंडरी स्कूल, हिरणमगरी की टीम, तीसरे स्थान पर विद्या भवन स्कूल, उदयपुर, चौथे स्थान पर पाटनी पब्लिक स्कूल निम्बाहेड़ा और पांचवें स्थान पर दिल्ली पब्लिक स्कूल सिरोही की टीम रही।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नीराज मोदी स्कूल की निर्देशिका साक्षी सोजतिया ने प्रतिभागियों का उत्साहवर्धन किया और कहा कि इस तरह के कार्यक्रम विद्यार्थियों में पर्यावरण एवं वन्यजीव संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने में मदद करते हैं। चेयरमैन डॉ. महेंद्र सोजतिया ने विजेताओं को बधाई दी और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन नीरजा मोदी स्कूल की प्रधानाध्यापिका नेहा सिंह ने किया। विजेताओं को प्रशंसा पत्र, पुरस्कार और मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। साथ ही, डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के वालंटियर टीम के सदस्यों को उनके उत्कृष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन स्टेट कोऑर्डिनेटर अरुण सोनी और नीरजा मोदी स्कूल की प्रधानाध्यापिका ने आभार व्यक्त कर किया।

इससे पहले सभी अतिथियों का स्वागत नीरजा मोदी स्कूल के प्रधानाचार्य डॉ. बृजराज सिंह बाघेला व डब्ल्यूडब्ल्यूएफ इंडिया के स्टेट को—ऑर्डिनेटर अरुण सोनी ने प्रतीक चिन्ह भेंट कर किया। डब्ल्यूडब्ल्यूएफ के वालंटियर टीम मेंबर्स आकाश यादव, कार्तिक खत्री, जयदेव सिंह एवं नीरजा मोदी की डॉ. प्राची गोयल, स्वाति शर्मा, आशीष गहलोत, सिद्धार्थ गौतम, हिना तलदार व पवन दवे को उनके उत्कृष्ट कार्य के लिए सम्मानित किया गया।
