उदयपुर में दक्षिण राजस्थान का पहला सीजीएचएस वेलनेस सेंटर मंजूर
Share
सांसद डॉ. रावत का केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को बड़ा तोहफा: 17 हजार से अधिक परिवार होंगे लाभान्वित
उदयपुर, 1 नवम्बर: केंद्र सरकार ने उदयपुर संभाग के केंद्रीय कर्मचारियों और पेंशनरों को एक बड़ी सौगात दी है। सांसद डॉ. मन्नालाल रावत के लगातार प्रयासों के बाद, दक्षिण राजस्थान का एकमात्र सेंट्रल गवर्नमेंट हेल्थ स्कीम (CGHS) वेलनेस सेंटर उदयपुर में खोलने की स्वीकृति मिल गई है। इस वेलनेस सेंटर के खुलने से 17 हजार से अधिक परिवारों को सीधा लाभ मिलेगा।
सांसद डॉ. रावत ने केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जगत प्रकाश नड्डा को पत्र लिखकर और व्यक्तिगत रूप से मिलकर उदयपुर में सीजीएचएस वेलनेस सेंटर खोलने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उदयपुर संसदीय क्षेत्र में सीजीएचएस डिस्पेंसरी न होने के कारण केंद्रीय कर्मचारियों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य सुविधाओं के लिए अन्य शहरों की ओर जाना पड़ता था।
इसलिए पड़ी जरूरत
उदयपुर संभाग दक्षिणी राजस्थान का एक महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां केंद्र सरकार के 30 से अधिक विभागों के महत्वपूर्ण कार्यालय संचालित हैं, जिनमें आयकर विभाग, केंद्रीय उत्पाद शुल्क एवं सेवा कर, डाक, रेलवे, भविष्य निधि, केंद्रीय विद्यालय, नवोदय विद्यालय, सीआईएसएफ, बीएसएफ, एनएचएआई, नारकोटिक्स, सौर वेधशाला आदि प्रमुख हैं। राजस्थान में वर्तमान में केवल जयपुर, अजमेर, जोधपुर और कोटा संभागों में ही सीजीएचएस वेलनेस सेंटर कार्यरत हैं।
अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन क्षेत्र में सुविधा:
उदयपुर एक महत्वपूर्ण अंतर्राष्ट्रीय पर्यटन स्थल भी है, जहां वर्ष भर लाखों सैलानी आते हैं। सीजीएचएस वेलनेस सेंटर की स्थापना से यहां के पात्र केंद्रीय कर्मचारियों, सेवानिवृत्त कर्मचारियों और उनके परिजनों को आपातकाल में किसी अन्य विकल्प की तलाश नहीं करनी पड़ेगी और उन्हें अपने शहर में ही बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।
