उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर गिरा चट्टान का मलबा, बाल-बाल बचे वाहन चालक
Share
लगातार बारिश से ढही पहाड़ी, सड़क पर फैला मलबा; बड़ा हादसा टला
उदयपुर, 1 नवम्बर: उदयपुर-गोगुंदा हाईवे पर शनिवार सुबह बड़ा हादसा टल गया, जब सड़क किनारे की पहाड़ी से अचानक चट्टानें और मिट्टी का भारी मलबा खिसक कर नीचे गिर पड़ा। गनीमत रही कि उस वक्त सड़क पर से गुजर रहे वाहन चालकों ने सूझबूझ से गाड़ियां रोक दी, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई।
जानकारी के अनुसार बीते चार से पांच दिनों से लगातार हो रही झिरमिर बारिश के कारण हाईवे के किनारे की पहाड़ियां पूरी तरह भीग गई थीं। इससे चट्टानों में नमी भर जाने के कारण वे धीरे-धीरे कमजोर हो गईं। शनिवार सुबह हल्की धूप निकलने के बाद तापमान में आए बदलाव के चलते कच्ची चट्टानें खिसक गईं और नीचे हाईवे पर आ गिरीं।
अचानक गिरी चट्टानों को देखकर वाहन चालकों में हड़कंप मच गया। कुछ वाहनों ने समय रहते रुककर हादसे से खुद को बचा लिया। चट्टान का मलबा सड़क पर फैलने से वाहनों की आवाजाही कुछ समय के लिए बाधित रही। स्थानीय प्रशासन को मामले की जानकारी दी गई है। फिलहाल मलबा हटाने और सड़क को सुचारू करने का कार्य जारी है।
